शिक्षा सुधार समिति ने किया एमडीयू वीसी प्रो. मिलाप पूनियाँ को सम्मानित
रोहतक, गिरीश सैनी। शिक्षा सुधार समिति (कादयान खाप, बेरी) के पदाधिकारियों ने एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ से शिष्टाचार भेंट की और उन्हें पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। समिति सदस्यों ने एमडीयू में शिक्षा, शोध तथा विद्यार्थियों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
समिति के प्रतिनिधियों ने कहा कि कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ के नेतृत्व में एमडीयू नए शैक्षणिक क्षितिज की ओर अग्रसर है। विवि में गुणवत्तापरक शिक्षा, शोध गतिविधियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि विवि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक कार्य कर रहा है। इस दौरान ग्रामीण शिक्षा, युवाओं के भविष्य, कौशल विकास और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने इस सम्मान के लिए शिक्षा सुधार समिति का आभार जताते हुए कहा कि विवि सर्व समाज और विद्यार्थियों के हित में निरंतर कार्य कर रहा है तथा ग्रामीण पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि विवि विद्यार्थियों को केवल डिग्री तक सीमित नहीं रखना चाहता, बल्कि उन्हें रोजगार और शोध के लिए भी सक्षम बनाया जा रहा है।

Girish Saini 

