शिक्षा मंत्री ने किया आधुनिक खगोल विज्ञान एवं अंतरिक्ष प्रयोगशाला का उद्घाटन

शिक्षा मंत्री ने किया आधुनिक खगोल विज्ञान एवं अंतरिक्ष प्रयोगशाला का उद्घाटन

रोहतक, गिरीश सैनी। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने बतौर मुख्य अतिथि स्थानीय माता दरवाजा चौक स्थित जैन पब्लिक स्कूल में एस्ट्रोनॉमी/ स्पेस लैब का उद्घाटन किया। समारोह में बतौर विशिष्ट अतिथि, समाजसेवी राजेश जैन, सिवाह के सरपंच रणदीप आर्य मौजूद रहे। इस दौरान जैन सभा के प्रधान रवि जैन सहित मनीष जैन, मुकेश जैन, अमित जैन, अतुल जैन लोहिया, राजीव जैन भी मौजूद रहे। अतिथियों ने रिमोट का बटन दबा कर प्रयोगशाला का उद्घाटन किया और इसे बच्चों के लिए समर्पित किया।

इस लैब में अत्याधुनिक उपकरण जैसे विक्रम लैंडर, संचार उपग्रह, नौवहन उपग्रह, रोहिणी उपग्रह, घन उपग्रह (मौसम पूर्वानुमान उपकरण), ब्रह्मांडीय भार अन्वेषण, दूरबीन, जंतर मंतर मॉडल (सूर्य घड़ी मॉडल), खगोलीय दूरबीन, बाह्य ग्रह पहचान आदि स्थापित किए गए हैं।

मुख्य अतिथि महिपाल ढांढा ने कहा कि इस लैब का माध्यम से छात्रों को अंतरिक्ष और ब्रह्मांड की संभावनाओं को समझने का मौका मिलेगा। उन्होंने बच्चों को अपनी जिज्ञासा को न रोकने और बार-बार प्रश्न पूछने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित उद्योगपतियों का आह्वान किया कि वे अपनी कंपनी में बच्चों को इंटर्नशिप करवाए, ताकि उनका विकास हो सके।

समाजसेवी राजेश जैन ने कहा कि भारत ने हजारों वर्षों पहले खगोल विज्ञान शुरू किया, जो नासा से भी पहले था, उन्होंने कहा कि भारत उन चार देशों में से एक है, जिनके पास संचार उपग्रह तकनीक है, जो फोन, टीवी और इंटरनेट को सक्षम बनाती है।