छात्राओं को अधिकारों की जानकारी देना भी महिला आयोग की प्राथमिकताः डॉ. अनुकंपा

रोहतक में आयोग आपके द्वार कार्यक्रम

छात्राओं को अधिकारों की जानकारी देना भी महिला आयोग की प्राथमिकताः डॉ. अनुकंपा

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा राज्य महिला आयोग महिलाओं की सुरक्षा के साथ-साथ छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दे रहा है। आयोग आपके द्वार कार्यक्रम के तहत आयोग की सदस्या डॉ. अनुकंपा गर्ग ने सोमवार को रोहतक का दौरा कर दो राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया।

डॉ. गर्ग ने शहीद कैप्टन दीपक शर्मा पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मॉडल टाउन और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, हिसार रोड में छात्राओं से संवाद कर सुविधाओं, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि आयोग महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों के संरक्षण के लिए मिशन मोड में कार्य कर रहा है। कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न रोकने संबंधी कानून के तहत आंतरिक एवं स्थानीय समितियों का गठन सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने छात्राओं से अपने मौलिक अधिकारों की जानकारी हासिल करने और शिक्षा के माध्यम से भविष्य सशक्त बनाने का आह्वान किया। संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी करमिन्दर कौर ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की जानकारी देते हुए छात्राओं से रोहतक को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने में सहयोग की अपील की।

दौरे के बाद डॉ. गर्ग ने उपायुक्त सतबीर सिंह से मुलाकात कर विद्यालयों से जुड़ी समस्याओं और आवश्यकताओं से अवगत कराया।