यूएचएसआर में ई-ऑफिस प्रणाली लागू, फाइलों की लाइव ट्रैकिंग से तय होगी जवाबदेही
समय पर और बेहतर काम ही नई कार्य संस्कृतिः कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल
रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि, रोहतक (यूएचएसआर) में शुक्रवार को ई-ऑफिस प्रणाली लागू कर प्रशासनिक कामकाज को डिजिटल बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया गया।
कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने प्रणाली का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह केवल सॉफ्टवेयर की शुरुआत नहीं, बल्कि विवि की कार्य संस्कृति में बदलाव की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि अब कागजी फाइलों, नोटिंग और एक टेबल से दूसरी टेबल तक फाइल पहुंचने में लगने वाले समय को खत्म किया जाएगा। ई-ऑफिस के जरिए फाइल और पत्राचार संबंधित अधिकारी तक डिजिटल माध्यम से पहुंचेंगे। इससे काम में तेजी आने के साथ कागज की खपत भी कम होगी।
कुलपति ने कहा कि ई-ऑफिस में फाइलों की लाइव ट्रैकिंग संभव होगी। इससे यह पता लगाया जा सकेगा कि कौन-सी फाइल किस अधिकारी के पास कितने समय से लंबित है। इससे प्रशासनिक स्तर पर जवाबदेही और पारदर्शिता बढ़ेगी। पुराने रिकॉर्ड भी सुरक्षित रूप से डिजिटल माध्यम में उपलब्ध रहेंगे।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि विवि प्रशासन का लक्ष्य चिकित्सा और शिक्षा के साथ प्रशासनिक दक्षता में भी अग्रणी बनना है। तकनीक का उद्देश्य विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आमजन को तेज और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से नई कार्य संस्कृति अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि समय पर काम और सबसे अच्छा काम प्रशासन का मूल मंत्र होना चाहिए। छात्र, कर्मचारी या अस्पताल से जुड़े जनहित के मामलों में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
कुलपति ने ई-ऑफिस सेल, पलवल विवि की टीम की सराहना करते हुए जल्द सभी कार्यों को शत-प्रतिशत ई-ऑफिस मोड में लाने के निर्देश दिए। कर्मचारियों को प्रणाली का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इस दौरान कुलसचिव डॉ. रूपसिंह, सहित विभागाध्यक्ष व अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

