स्वास्थ्य वार्ता में बताया नींद का महत्व
रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय लाल नाथ हिंदू कॉलेज की छात्र कल्याण समिति द्वारा प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार तनेजा की अध्यक्षता में एक स्वास्थ्य वार्ता का आयोजन किया गया, जिसका विषय नींद का महत्व रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार तनेजा ने कहा कि नींद शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य की आधारशिला है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अपनी दिनचर्या संतुलित रखनी चाहिए। पर्याप्त नींद से स्मरण शक्ति, एकाग्रता एवं कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। डॉ. रजनी कुमारी ने स्वागत संबोधन किया तथा कार्यक्रम की विषय वस्तु पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान जीवन शैली में नींद को नजरअंदाज किया जा रहा है, जबकि स्वस्थ जीवन के लिए यह अत्यंत आवश्यक है।
बतौर मुख्य वक्ता, न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. रजनीश ने बताया कि नींद मस्तिष्क को पुनः सक्रिय करने का कार्य करती है। नींद की कमी से तनाव, अवसाद, उच्च रक्तचाप, मधुमेह तथा हृदय रोग जैसी गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती हैं। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं में मोबाइल फोन का अधिक प्रयोग, देर रात तक स्क्रीन देखने और अनियमित दिनचर्या के दुष्प्रभावों पर चर्चा की। डॉ. अंजू देशवाल ने आभार व्यक्त किया।

Girish Saini 

