शैक्षणिक-औद्योगिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने जानी खेल सामग्री के निर्माण की प्रक्रिया

शैक्षणिक-औद्योगिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने जानी खेल सामग्री के निर्माण की प्रक्रिया

गुरुग्राम, गिरीश सैनी। स्थानीय सेक्टर-40 स्थित एमडीयू के सेंटर फॉर प्रोफेशनल एंड एलाइड स्टडीज के एमबीए एवं बीबीए के 52 विद्यार्थियों के दल ने गुरुग्राम स्थित कॉस्को कंपनी का शैक्षणिक-औद्योगिक भ्रमण किया। प्रबंधन विभाग के समन्वयक डॉ. विजय राठी ने बताया कि इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योगों की कार्यप्रणाली, उत्पादन प्रक्रिया तथा औद्योगिक प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं से सीधे रूप में परिचित कराना था। इस दौरान डॉ. विजय राठी, डॉ. निधि तथा श्री योगेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।

इस दौरान विद्यार्थियों ने खेल सामग्री, विशेष रूप से विभिन्न प्रकार की गेंदों एवं अन्य उपकरणों के निर्माण की प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। कंपनी के विशेषज्ञों ने उत्पादन इकाई का विस्तृत परिचय देते हुए विद्यार्थियों को मैन्युफैक्चरिंग लेआउट, असेंबली प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली तथा औद्योगिक सुरक्षा मानकों के बारे में जानकारी प्रदान की। निदेशक प्रो. प्रदीप अहलावत ने कहा कि इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के शैक्षणिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।