विद्यार्थियों से सीधे संवाद के दौरान कुलपति ने दिया नियमित कक्षाओं और मानव सेवा पर जोर

विद्यार्थियों से सीधे संवाद के दौरान कुलपति ने दिया नियमित कक्षाओं और मानव सेवा पर जोर

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने मंगलवार को विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद कार्यक्रम के तहत फिजियोथेरेपी, योग साइंस और फूड टेक्नोलॉजी विभागों का दौरा किया। उन्होंने नव सत्र के शुभारंभ पर विद्यार्थियों को नियमित कक्षाओं में आने तथा विवि की प्रयोगशालाओं और अन्य सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

कुलपति ने कहा कि नियमित कक्षाओं में भाग लेने से विद्यार्थी विषय को बेहतर ढंग से समझते हैं और परीक्षा में अच्छे अंक हासिल कर सकते हैं। उन्होंने शिक्षकों से भी समय पर कक्षाएं लेने और विद्यार्थियों के लिए सकारात्मक एवं रुचिकर शैक्षणिक वातावरण बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने फिजियोथेरेपी विभाग में ओपीडी में उपचार के लिए आए मरीजों से बातचीत की। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से कहा कि फिजियोथेरेपी ओपीडी मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। बदलती जीवनशैली के कारण फिजियोथेरेपी का महत्व बढ़ रहा है, इसलिए मरीजों के साथ आत्मीय व्यवहार करते हुए उनकी सेवा करनी चाहिए।

इस दौरान फिजियोथेरेपी एवं योग साइंस विभाग की चेयरपर्सन डॉ. जसप्रीत कौर और फूड टेक्नोलॉजी विभाग की प्रो. अराधिता रॉय मौजूद रही। कुलपति ने विभागों के हाजिरी रजिस्टर भी जांचे।