सुपवा के छात्रों की अदाकारी से सजी दूजवर-2 की रिलीज आज।
मजबूरी में बंधे रिश्तों की कहानी दिखेगी हरियाणवी फिल्म में।
रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा), रोहतक के फिल्म एवं टेलीविजन फैकल्टी के छात्रों की अदाकारी से सजी हरियाणवी फिल्म दूजवर-2 ओटीटी प्लेटफॉर्म स्टेज ऐप पर रिलीज होगी। फिल्म में दर्शक मजबूरी में बंधे रिश्तों की कहानी से रूबरू होंगे।
फिल्म दूजवर-2 में मुख्य किरदार सुपवा के एक्टिंग डिप्लोमा कोर्स -2023 के छात्र रहे केशव कादियान, अरुण नारा, निशा शर्मा, मधु व बैचलर इन डायरेक्शन के छात्र रहे आशीष नेहरा ने निभाए हैं। फिलहाल सुपवा में ही असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत आशीष ने बताया कि दूजवर को मिली सफलता के बाद फिल्म निर्माता ने दूजवर-2 बनाने का फैसला लिया।
फिल्म की एडिटिंग सुपवा में ही बैचलर इन एडिटिंग के 2018 बैच के छात्र रहे ज्ञानेश ने की है। केशव कादियान ने फिल्म में अभिनय के साथ ही इसका निर्देशन भी किया है। फिल्म के क्रिएटिव डायरेक्टर देवेंद्र दाह हैं, जो सुपवा में बैचलर इन डायरेक्शन 2013 बैच के छात्र रहे हैं। देवेंद्र इससे पहले सन्नी देयोल अभिनीत सुपरहिट फिल्म गदर-2 के सहायक निर्देशक भी रह चुके हैं। आशीष ने फिल्म में मनोज का किरदार निभाया है, जबकि निशा उनकी पत्नी आरती की भूमिका में है। केशव ने मनोज के भाई सुमित का रोल किया है और मधु सुमित की प्रेमिका की भूमिका में दिखेंगी।
कुलपति डॉ अमित आर्य ने कहा कि सुपवा परिवार के लिए अत्यंत खुशी व गर्व का विषय है कि एक ही फिल्म में सुपवा के इतने पूर्व छात्र किसी न किसी भूमिका में नजर आ रहे हैं। फिल्म के निर्देशक से लेकर एक्टर तक विवि के छात्रों की मौजूदगी दर्शाती है कि विवि में भविष्य के एक्टर, डायरेक्टर, एडिटर तैयार हो रहे हैं।

Girish Saini 

