जिला प्रशासन के अधिकारियों की टीम भावना से रोहतक के विकास की गति बढ़ाने में मिली सफलता: निवर्तमान उपायुक्त
स्थानांतरण के बाद आज हुए उपायुक्त के पदभार से मुक्त।
रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक के निवर्तमान उपायुक्त अजय कुमार ने कहा कि जिला रोहतक में करीब डेढ़ साल के कार्यकाल के दौरान जिला के सभी प्रमुख विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक टीम की भावना के साथ काम किया है। इसी के चलते जिला में विकास को गति दे पाए। उनका प्रयास रहा कि राजस्व विभाग और चकबंदी जैसे कार्यों में तेजी लाई जाए और इनसे संबंधित लोगों की समस्याओं का तुरंत प्रभाव से समाधान किया जाए।
निवर्तमान उपायुक्त अजय कुमार ने जिला रोहतक के उपायुक्त के पद का कार्यभार छोड़ने के दौरान कहा कि अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम भावना से ही हाल ही में लोकसभा और विधानसभा चुनाव निष्पक्ष और शांतिप्रिय ढंग से संपन्न हुए हैं। रोहतक का कार्यकाल उनके लिए यादगार रहा है। उन्होंने अपने अधीनस्थ अधिकारियों की कार्यकुशलता, नेतृत्व और प्रशासनिक सेवाओं की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल में उन्हें जिला के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का पूरा सहयोग मिला, जिससे जिला में विकास कार्यों को गति मिली। उन्होंने यह भी कहा कि जिला का समग्र विकास एक संयुक्त प्रयास का परिणाम होता है, और इसमें हर अधिकारी की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी जिला में विकास की गति को बनाए रखने के लिए टीम और समर्पण की भावना से कार्य करते रहें।
वहीं दूसरी ओर निवर्तमान वर्तमान उपायुक्त अजय कुमार जिला लाइब्रेरी पहुंचे। उन्होंने यहां पर उपलब्ध पुस्तकों का अवलोकन करते हुए कहा कि पुस्तक हमारा मार्गदर्शन करती हैं और ज्ञान वर्धन करती हैं। उन्होंने लाइब्रेरी इंचार्ज को निर्देश दिए कि लाइब्रेरी की पुस्तकों के बारे में विशेष कर युवा पीढ़ी को अवगत करवाएं ताकि वे अधिक से अधिक अच्छी पुस्तक पढ़ सकें। उन्होंने सभी पुस्तकों को सही व्यवस्थित ढंग से रखने के भी निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जिला रोहतक से संबंधित पुस्तक उनको उपलब्ध करवाई जाएं। इस दौरान एसीयूटी अभिनव सिवाच भी मौजूद रहे।
Girish Saini 

