35 वर्षों के अनुभव वाले डॉ. वशिष्ठ बने पीजीआईएमएस, रोहतक के निदेशक
मरीजों को बेहतर इलाज, शोध को नई रफ्तार देना होगा प्राथमिकता
रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि (यूएचएसआर) के वरिष्ठ सर्जन डॉ. मदन गोपाल वशिष्ठ को पीजीआईएमएस, रोहतक का निदेशक नियुक्त किया गया है। राज्यपाल एवं कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष ने उनकी नियुक्ति आगामी आदेशों तक की है।
पदभार संभालने के बाद डॉ. वशिष्ठ ने कहा कि मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। संस्थान में रिसर्च और शिक्षा को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि शोध के परिणामों का सीधा लाभ मरीजों को मिल सके। उन्होंने गरीब मरीजों को मुफ्त दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, शिकायतों का त्वरित समाधान करने और मरीज संतुष्टि पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
गौरतलब है कि डॉ. वशिष्ठ को चिकित्सा एवं प्रशासनिक क्षेत्र में 35 वर्षों का अनुभव है। वह दो बार मेडिकल सुपरिटेंडेंट, डीन स्टूडेंट वेलफेयर और 20 वर्षों तक सर्जरी विभाग में यूनिट हेड रह चुके हैं। उनके 120 से अधिक शोध पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय जर्नलों में प्रकाशित हैं। वह 45 से अधिक पीजी विद्यार्थियों के शोध कार्यों का मार्गदर्शन भी कर चुके हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है।

Girish Saini

