डॉ सरोज शर्मा ने किया मतदान के लिए प्रेरित

मेरा पहला वोट देश के लिए विषयक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।

डॉ सरोज शर्मा ने किया मतदान के लिए प्रेरित

रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय गौड़ ब्राह्मण शिक्षण महाविद्यालय के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के तत्वावधान में -मेरा पहला वोट देश के लिए विषयक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि डॉ सरोज शर्मा, पूर्व प्राचार्या, गौड़ ब्राह्मण शिक्षण महाविद्यालय एवं डॉ अनिता गौड़, प्राचार्या, गौड़ ब्राह्मण विद्यालय ने शिरकत की। प्राचार्या डॉ महाश्वेता ने अतिथियों का स्वागत किया।

डॉ सरोज शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय लोकतंत्र का संचालन संविधान द्वारा किया जाता है। आजादी मिलने के बाद लागू संविधान में भारत के नागरिकों के अधिकार एवं कर्तव्यों का विवरण दिया गया है। संविधान प्रत्येक नागरिक को अपनी पसंद का जनप्रतिनिधि चुनने का अधिकार देता है और यही प्रतिनिधि सरकार बनाकर व्यवस्थाओं का संचालन करते हैं। इसलिए देश को एक मजबूत सरकार देने के लिए प्रत्येक व्यक्ति का मतदान करना आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित जन को स्वयं मतदान करने एवं अन्य लोगों को भी मतदान के लिए जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। डॉ सरोज शर्मा ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता, धर्मनिरपेक्षता, गणतंत्र आदि विषयों पर भी अपने विचार साझा किए।

इस दौरान बीएड के विद्यार्थियों ने भी आम चुनाव एवं मतदान के महत्व पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के अध्यक्ष डॉ विनोद कुमार ने किया। इस मौके पर डॉ गीता रानी, डॉ सविता शर्मा, डॉ मोना मल्होत्रा, डॉ सोन किरण सहित अन्य मौजूद रहे।