डॉ. रमेश वर्मा राष्ट्रीय एआई हेल्थ पैनल के सदस्य नियुक्त

कुलपति डॉ एच.के. अग्रवाल ने दी बधाई। 

डॉ. रमेश वर्मा राष्ट्रीय एआई हेल्थ पैनल के सदस्य नियुक्त

रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के सामुदायिक चिकित्सा विभाग के डॉ. रमेश वर्मा को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा गठित तकनीकी मूल्यांकन समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। ये समिति आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित स्वास्थ्य तकनीकों का मूल्यांकन करेगी।

ये समिति हेल्थ टेक्नोलॉजी असेसमेंट इन इंडिया के तहत गठित की गई है, जिसका उद्देश्य स्वास्थ्य क्षेत्र में साक्ष्य-आधारित और पारदर्शी निर्णयों को बढ़ावा देना है। डॉ. रमेश वर्मा देशभर के 11 विशेषज्ञों में शामिल हैं। समिति के अध्यक्ष मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज, दिल्ली के सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. सिद्धार्थ रामजी होंगे।

स्वास्थ्य विज्ञान विवि के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने डॉ. रमेश वर्मा की नियुक्ति पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और कहा कि ये पूरे विवि और हरियाणा के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि एआई स्वास्थ्य सेवाओं का भविष्य है। कुलपति ने कहा कि ये नियुक्ति युवा फैकल्टी और शोधार्थियों को भी प्रेरित करेगी।

डॉ रमेश वर्मा ने बताया कि समिति एआई-आधारित तकनीकों की क्लिनिकल प्रभावशीलता, लागत-दक्षता और स्वास्थ्य सेवाओं में समानता जैसे पहलुओं की जांच करेगी। यह दवाओं, उपकरणों और स्वास्थ्य कार्यक्रमों में एआई के उपयोग पर नीतिगत सिफारिशें देगी।

विवि के जनसंपर्क विभाग के इंचार्ज डॉ वरुण अरोड़ा ने बताया कि 26 वर्षों के अनुभव वाले डॉ. रमेश वर्मा का सामुदायिक चिकित्सा में उल्लेखनीय योगदान है। उनके नाम 160 से अधिक शोध पत्र, 7 पुस्तकें और 7 राष्ट्रीय स्तर की पुस्तकों में अध्याय दर्ज हैं। वे 8 क्लिनिकल ट्रायल में जांचकर्ता रहे हैं। कोविड के दौरान उन्होंने कोवैक्सिन ट्रायल में सह-जांचकर्ता के रूप में भी काम किया। वर्तमान में वे पीजीआईएमएस की संस्थागत आचार समिति और बीआरसी के सदस्य सचिव हैं।