डॉ. कुंदन मित्तल एससीसीएम की एफसीसीएस ऑब्सटेट्रिक्स कमेटी के उपाध्यक्ष नियुक्त
कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने दी बधाई।
रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने पीजीआईएमएस के चिकित्सा अधीक्षक और शिशु रोग विभागाध्यक्ष डॉ. कुंदन मित्तल को अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था सोसायटी ऑफ क्रिटिकल केयर मेडिसिन (एससीसीएम) में दो महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति तथा आदेश यूनिवर्सिटी से फेलोशिप मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
कुलपति डॉ. अग्रवाल ने कहा कि ये उपलब्धियां सिर्फ पीजीआईएमएस ही नहीं, पूरे हरियाणा और देश के चिकित्सा जगत के लिए गौरव की बात हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. कुंदन मित्तल ने सिद्ध कर दिया है कि हरियाणा के चिकित्सक क्लिनिकल दक्षता के साथ-साथ वैश्विक नेतृत्व में भी अग्रणी हैं।
डॉ.कुंदन मित्तल ने बताया कि अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था सोसाइटी ऑफ क्रिटिकल केयर मेडिसिन द्वारा उन्हें एफसीसीएस ऑब्सटेट्रिक्स कमेटी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनका कार्यकाल वर्ष 2025 से 2027 तक उपाध्यक्ष, 2027 से 2029 तक अध्यक्ष और 2029 से 2031 तक पूर्व अध्यक्ष के रूप में रहेगा। ये समिति गंभीर रूप से बीमार गर्भवती महिलाओं की बुनियादी क्रिटिकल केयर प्रशिक्षण हेतु विश्वस्तरीय पाठ्यक्रम तैयार करती है। वे इस पद के साथ-साथ फंडामेंटल्स लीडरशिप कमेटी के सदस्य भी रहेंगे।
डॉ. मित्तल को भारत, मध्य पूर्व एवं अफ्रीका (आईएमईए) सलाहकार समूह टास्क फोर्स का सदस्य भी मनोनीत किया है। यह तीन वर्षीय कार्यकाल 2025 से 2028 तक रहेगा। इस टास्क फोर्स का उद्देश्य टेरिटरी 5 और 6 में एससीसीएम के विस्तार के लिए रणनीतिक मार्गदर्शन देना है। डॉ. मित्तल क्षेत्रीय स्वास्थ्य रुझानों, सदस्य जोड़ने की नीति और शैक्षणिक अवसरों पर संस्था मुख्यालय को विशेषज्ञ सलाह देंगे।
इसके साथ ही, डॉ. कुंदन मित्तल ने आदेश यूनिवर्सिटी, बठिंडा के सेंटर फॉर हेल्थ प्रोफेशनल एजुकेशन से एक साल की फेलोशिप इन असेसमेंट ऑफ हेल्थ प्रोफेशनल्स सफलतापूर्वक पूर्ण की है। ये फेलोशिप चिकित्सा शिक्षा में मूल्यांकन की आधुनिक विधियों पर आधारित है। डॉ.कुंदन मित्तल ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि एफसीसीएस ऑब्सटेट्रिक्स समिति के माध्यम से भारत में मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया जाए।

Girish Saini 

