डॉ. हरमेन्द्र सिंह बेदी का नया कविता संग्रह ‘संवाद लीला’ प्रकाशित
समकालीन हिंदी कविता के प्रतिष्ठित कवि एवं शिक्षाविद् डॉ. हरमहेन्द्र सिंह बेदी का नया कविता संग्रह ‘संवाद लीला’ प्रकाशित हो गया है। इस संग्रह का प्रकाशन समृद्ध पब्लिकेशन द्वारा किया गया है।
‘संवाद लीला’ में मानवीय संवेदनाओं, सामाजिक सरोकारों, पीढ़ियों के बीच संवाद, बदलते जीवन-मूल्यों तथा समकालीन समाज के विविध पक्षों को कविताओं के माध्यम से अभिव्यक्त किया गया है। पुस्तक का आकर्षक आवरण संवाद, विचार-विमर्श और साहित्यिक चेतना की भावना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करता है।
डॉ. हरमेन्द्र सिंह बेदी हिंदी साहित्य जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने पिछले चार दशकों में पंजाब की हिंदी कविता को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। हिंदी भाषा और साहित्य के प्रचार-प्रसार के लिए उन्होंने नेपाल, डेनमार्क, सिंगापुर, भूटान, कनाडा और पाकिस्तान सहित कई देशों की यात्राएं भी की हैं।
वे गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, अमृतसर के हिंदी विभाग में लंबे समय तक अध्यापन कार्य से जुड़े रहे और विभागाध्यक्ष, डीन, कॉलेज विकास परिषद के प्रभारी तथा विभिन्न प्रशासनिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। वर्ष 2017 में उन्हें भारत सरकार द्वारा महामहिम राष्ट्रपति हिंदी सेवा पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।
साहित्य प्रेमियों का मानना है कि ‘संवाद लीला’ समकालीन हिंदी कविता में एक महत्वपूर्ण कृति के रूप में अपनी पहचान बनाएगी और पाठकों को विचार एवं संवेदना के नए आयामों से जोड़ने में सफल होगी।
City Air News 

