यूएचएसआर के डॉ. अमरीश भगोल प्रतिष्ठित इंटरनेशनल ट्रैवल फैलोशिप से सम्मानित

यूएचएसआर के डॉ. अमरीश भगोल प्रतिष्ठित इंटरनेशनल ट्रैवल फैलोशिप से सम्मानित

रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जरी विभाग के प्रोफेसर डॉ. अमरीश भगोल को ब्रिटेन में प्रतिष्ठित इंटरनेशनल ट्रैवल फेैलोशिप और विजिटिंग प्रोफेसर का सम्मान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कुलपति प्रो. डॉ. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि डॉ. भगोल की सफलता पूरे विवि के लिए गौरव का क्षण है।

डॉ. अमरीश भगोल ने बताया कि उन्हें एओएमएसआई और आईएओएमएस द्वारा संयुक्त रूप से दी जाने वाली इंटरनेशनल ट्रैवल फेैलोशिप के लिए चुना गया है। ये फेैलोशिप देश के ओरल सर्जनों के लिए सबसे प्रतिष्ठित और प्रतिस्पर्धी अवसरों में से एक है, जिसके लिए इस साल पूरे भारत से 62 सर्जनों ने आवेदन किया था। दो चरणों की राष्ट्रीय चयन प्रक्रिया के बाद डॉ. भगोल का चयन इस फेैलोशिप के लिए हुआ।

इस फेैलोशिप के तहत डॉ. भगोल ने यूनाइटेड किंगडम के ग्लासगो स्थित क्वीन एलिजाबेथ यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल में प्रशिक्षण लिया, जो ब्रिटेन के सबसे बड़े एनएचएस संस्थानों में से एक है। यहां उन्होंने मैक्सिलोफेशियल ट्रॉमा, सिर और गर्दन के कैंसर, क्लेफ्ट एवं क्रेनियाफैसियल विकृतियों तथा पुनर्निर्माण शल्य चिकित्सा की आधुनिक तकनीकों का गहन अध्ययन किया। उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक और शोध योगदान को देखते हुए क्वीन एलिजाबेथ यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल ने उन्हें विजिटिंग प्रोफेसर के रूप में भी मान्यता दी है।

कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने विश्वास जताया कि डॉ. भगोल ब्रिटेन से अर्जित ज्ञान को अपने विद्यार्थियों और रेजिडेंट डॉक्टरों के साथ साझा करेंगे और इससे इलाज और शोध का स्तर और ऊंचा होगा।

इस उपलब्धि पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल, पीजीडीआईएस की प्राचार्या डॉ. मनु राठी व विभागाध्यक्ष डॉ वीरेंद्र ने भी डॉ. अमरीश भगोल को हार्दिक बधाई दी।