डॉ. अंबेडकर का महापरिनिर्वाण दिवस श्रद्धा के साथ मनाया
चरखी दादरी, गिरीश सैनी। स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर का महापरिनिर्वाण दिवस श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कांग्रेस के दादरी जिलाध्यक्ष सुशील धानक ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने भारत के संविधान निर्माण से लेकर सामाजिक समानता, दलित उत्थान और शिक्षा के प्रसार तक, हर क्षेत्र में देश को नई दिशा दी। उन्होंने डॉ अंबेडकर के जीवन को संघर्ष, ज्ञान और मानवीय मूल्यों का प्रतीक बताया।
किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय कन्वीनर राजू मान ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल भारत के संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और समानता के सबसे प्रखर योद्धाओं में से एक थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन दलितों, वंचितों और शोषित वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित किया।
इस दौरान रामनिवास पिचोपा, योगेश फोगाट, संजय बिडलान, रोहताश खटीक, महेश सैनी, नवीन सैनी, एडवोकेट नवीन सांगवान, एडवोकेट नीरज सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी डॉ. अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
Girish Saini 


