फोन में फर्जी ऐप डाउनलोड करते ही खाली हो सकता है बैंक खाता, ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायतः एसपी
गैस कनेक्शन कटने से लेकर फर्जी निवेश तक, साइबर ठगों के नए जाल से रहें सावधान
रोहतक, गिरीश सैनी। साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए रोहतक पुलिस ने नागरिकों के लिए जन-जागरूकता एडवाइजरी जारी की है। एसपी गौरव राजपुरोहित के मार्गदर्शन में साइबर अपराध थाना द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी के नए तरीकों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
पुलिस के अनुसार, ठग अडानी गैस कनेक्शन काटने का डर दिखाकर फर्जी ऐप डाउनलोड करवाते हैं। इसके अलावा व्हाट्सएप और एसएमएस पर फोन अपडेट के नाम से एपीके फाइल भेजकर मोबाइल हैक कर बैंक खाते खाली कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर कम समय में अधिक मुनाफे का लालच देकर भी लोगों से निवेश के नाम पर ठगी की जा रही है।
एसपी ने सलाह दी कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें और ऐप केवल आधिकारिक स्टोर से डाउनलोड करें। ओटीपी, यूपीआई पिन और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। फोन हैक होने का संदेह हो तो इंटरनेट बंद कर दें। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

Girish Saini

