शिकायतें लंबित न छोड़ें, पोर्टल पर आते ही करें कार्रवाईः एडीसी नरेंद्र कुमार

हरियाणा समाधान प्रकोष्ठ की वर्चुअल समीक्षा में लंबित शिकायतों के त्वरित निपटारे के निर्देश

शिकायतें लंबित न छोड़ें, पोर्टल पर आते ही करें कार्रवाईः एडीसी नरेंद्र कुमार

रोहतक, गिरीश सैनी। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार द्वारा संचालित सभी शिकायत पोर्टलों पर लंबित शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में उचित समाधान सुनिश्चित किया जाए। पोर्टल पर शिकायत प्राप्त होते ही उसे अंडरटेक कर कार्रवाई शुरू की जाए, ताकि वह ओवरड्यू न हो।

स्थानीय लघु सचिवालय सभागार में हरियाणा समाधान प्रकोष्ठ की वर्चुअल समीक्षा के बाद अधिकारियों को निर्देश देते हुए नरेंद्र कुमार ने कहा कि सभी विभाग नियमित रूप से शिकायत पोर्टलों की समीक्षा करें। लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा कर कार्रवाई रिपोर्ट भी समय पर भेजी जाए।

उन्होंने समाधान शिविर और जनसंवाद से संबंधित लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निपटारे के दौरान संबंधित नागरिक से संवाद कर उसे की गई कार्रवाई की जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत का केवल निस्तारण दर्ज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

एडीसी ने अधिकारियों से कहा कि वे स्वयं शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करें और आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्रवाई करें। बैठक में सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह, नगराधीश शुभम, डीएसपी राकेश कुमार, डीडीपीओ राजपाल चहल, सिविल सर्जन डॉ. कमला वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।