मन की बीमारी छिपाएं नहीं, मदद मांगना हिम्मत की निशानीः कुलपति डॉ. अग्रवाल

यूएचएसआर में पोस्टर प्रदर्शनी लगाकर किया मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक

मन की बीमारी छिपाएं नहीं, मदद मांगना हिम्मत की निशानीः कुलपति डॉ. अग्रवाल

रोहतक, गिरीश सैनी। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर यूएचएसआर के मनोरोग विभाग ने न्यू ओपीडी लॉबी में पोस्टर प्रदर्शनी लगाकर मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य की तरह मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी जरूरी है। मन की बीमारी अक्सर दिखाई नहीं देती, लेकिन व्यक्ति को भीतर से प्रभावित करती है।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि शर्म और डर के कारण अनेक लोग मानसिक समस्याओं के उपचार के लिए आगे नहीं आते। तनाव, चिंता, अवसाद और नींद की परेशानी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से असफलता को जीवन का अंत न मानने और अपनी परेशानियां परिजनों, दोस्तों या चिकित्सकों से साझा करने की अपील की।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुधीर अत्री ने कहा कि मानसिक रोग भी मधुमेह और रक्तचाप जैसी स्वास्थ्य समस्याओं की तरह उपचार योग्य हैं। प्रदर्शनी में आत्महत्या की रोकथाम, परीक्षा का तनाव, मोबाइल की लत, प्रसवोत्तर अवसाद और बुजुर्गों के अकेलेपन जैसे विषयों को दर्शाया गया।

मनोरोग विभागाध्यक्ष एवं आईएमएच निदेशक डॉ. सुजाता सेठी ने नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद, नशे से दूरी और परिवार के साथ समय बिताने की सलाह दी। अंत में कुलपति ने श्रेष्ठ पोस्टर बनाने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया।