जरूरतमंदों को निशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध करवा रहा है डीएलएसएः सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान
विश्व सामाजिक न्याय दिवस पर हिंदू कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।
रोहतक, गिरीश सैनी। जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान की अध्यक्षता में स्थानीय लाल नाथ हिंदू कॉलेज में विश्व सामाजिक न्याय दिवस के उपलक्ष में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने उपस्थित विद्यार्थियों को प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जा रही नि:शुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता, पीड़ित मुआवजा योजना तथा अन्य कल्याणकारी सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर, अनुसूचित जाति/जनजाति, महिला, बच्चे, वरिष्ठ नागरिक एवं अन्य पात्र व्यक्तियों को प्राधिकरण द्वारा नि:शुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध करवाई जाती है। विश्व सामाजिक न्याय दिवस के अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को सामाजिक समानता, न्याय तक समान पहुंच तथा विधिक जागरूकता के महत्व के बारे में भी अवगत कराया। उन्होंने नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी देते हुए कहा कि आवश्यकता पड़ने पर इस हेल्पलाइन का उपयोग कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने कहा कि 14 मार्च 2026 को रोहतक कोर्ट परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपने परिवार, मित्रों और परिचितों को इसके बारे में जागरूक करें। यदि किसी का कोई मामला जिला न्यायालय या अन्य किसी न्यायालय में लंबित है, तो उसे राष्ट्रीय लोक अदालत में रखवा कर आपसी सहमति से त्वरित एवं सुलभ न्याय प्राप्त किया जा सकता है। विद्यार्थियों को वीर परिवार सहायता योजना के बारे में भी जानकारी दी गई। सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने विद्यार्थियों द्वारा विधिक सेवाओं के संबंध में पूछे गए प्रश्नों के उत्तर भी दिए।
प्राचार्य डॉ अनिल कुमार तनेजा ने आभार व्यक्त किया। मंच संचालन डॉ रीना कत्याल ने किया। इस दौरान पैनल अधिवक्ता शशिकांत सहगल, डॉ अंजू देशवाल, डॉ चित्रा शर्मा, डॉ रजनी कुमारी, डॉ संदीप, डॉ सुमित कुमारी, डॉ सीमा, डॉ सुमित सहित विद्यार्थी मौजूद रहे।

Girish Saini 

