औद्योगिक आधारभूत ढांचा सुदृढ़ करने की दिशा में कार्यरत है जिला प्रशासनः उपायुक्त सचिन गुप्ता
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन औद्योगिक आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए कृतसंकल्प है। जिला में औद्योगिक एसोसिएशन के साथ निरंतर बैठक आयोजित कर औद्योगिक क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आईडीसी में सीवर सफाई व ड्रेनेज के कार्य को शीघ्र शुरू करवाए।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने औद्योगिक क्षेत्रों में उपलब्ध सुविधाओं की मासिक बैठक में समीक्षा करते हुए कहा कि औद्योगिक क्षेत्र कुताना में एचएसआईआईडीसी द्वारा सीवर निर्माण के कार्य को मई माह के अंत तक पूर्ण करवाए। उन्होंने कहा कि संबंधित ठेकेदार द्वारा सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए जाए तथा प्रतिदिन के हिसाब से कार्य योजना प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि मुख्य प्रवेश द्वार से अवैध कब्जों जैसे खोका इत्यादि को तुरंत हटाया जाए तथा शराब ठेके को या तो हटाया जाए या फिर ठेका संचालक तुरंत लाइसेंस ले।
उपायुक्त ने कहा कि एचएसआईआईडीसी द्वारा सरकार की हिदायतों अनुसार औद्योगिक क्षेत्रों में सफाई सुनिश्चित करवाई जाए तथा औद्योगिक क्षेत्रों में मानचित्र भी लगवाए जाए ताकि कोई भी लोकेशन ढूंढने में सुविधाजनक हो। उन्होंने अग्निशमन अधिकारी को निर्देश दिए कि वे अग्निशमन वाहनों को तत्पर रखें ताकि आवश्यकतानुसार उपयोग किया जा सके। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों कुताना, पुरानी आईडीसी व आईएमटी में उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने यूएचबीवीएन के अधिकारियों से कहा कि वे औद्योगिक क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सप्लाई करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध करें। निगम द्वारा आईडीसी फीडर को अलग करने का प्रस्ताव तैयार किया है तथा एक सप्ताह में इस कार्य को पूर्ण कर दिया जाएगा। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे पुरानी आईडीसी में विशेष शिविर लगाकर प्रॉपर्टी आईडी की विसंगतियों को दुरुस्त करवाए।
इस दौरान नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मंजीत कुमार, यूएचबीवीएन के अधीक्षक अभियंता बिजेंद्र नरवाल, डीएमसी जितेंद्र सिंह, नगर निगम के डीटीपी तिलकराज, एचएसआईआईडीसी के वरिष्ठ प्रबंधक राजीव कुमार डागर, इंडस्ट्री के उप निदेशक क्षितिज, अशोक कुमार, यूएचबीवीएन के कार्यकारी अभियंता अनिल नागर, रामेंद्र मलिक व सीमा नारा, नगर निगम के कार्यकारी अभियंता मंजीत दहिया, एलओ संदीप बत्तरा, एजी सत्यवर्त सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

