नागरिकों को निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरतः उपायुक्त सचिन गुप्ता
रोहतक सर्कल में 172 गांवों में से 142 गांवों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन नागरिकों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सप्लाई करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। यूएचबीवीएन द्वारा रोहतक सर्कल के 172 गांवों में से 142 गांवों में बिजली आपूर्ति को सुदृढ़ कर 24 घंटे बिजली आपूर्ति दी जा रही है। दस गांवों में कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा 16 घंटे बिजली आपूर्ति जारी है। इसी तरह शेष 20 गांवों में बिजली आपूर्ति को सुदृढ़ करने के प्रयास जारी है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बिजली आपूर्ति व अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन की मासिक समीक्षा बैठक में समीक्षा करते हुए कहा कि अधिकारी शेष गांवों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति शुरू करने के लिए कार्य योजना तैयार कर इसे अमलीजामा पहनाए। निगम द्वारा रोहतक सर्कल के सात गांवों भैणी चन्द्रपाल, सैमाण, भैणी सूरजन, खरकड़ा, मुंगाण व आसन तथा छारा में कार्य जारी है।
उपायुक्त ने कहा कि रोहतक सर्कल के आठ गांवों रिटौली, कबूलपुर, धामड़, खिड़वाली, मकड़ौली कला व खुर्द, गढ़ी व रोहद में जगमग योजना के तहत इन गांवों को जगमग करने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए है, जबकि पांच गांवों टिटौली, निन्दाना, किलोई खास व दोपाना तथा सांघी में जगमग योजना के तहत कार्य किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया कि वे सरकार द्वारा क्रियान्वित की जा रही प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का पूरा लाभ उठाए। इस योजना के तहत घरों पर सोलर रूफ टॉप सिस्टम लगवाने के लिए केन्द्र सरकार द्वारा 78 हजार रुपए का अनुदान दिया जा रहा है। केन्द्र सरकार के अनुदान के अतिरिक्त प्रदेश सरकार द्वारा एक लाख गरीब परिवारों को सोलर रूफ टॉप सिस्टम लगवाने के लिए अधिकतम 50 हजार रुपए तक का अनुदान दिया जाएगा। यह अनुदान पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर प्रदान किया जाएगा।
इस दौरान यूएचबीवीएन के अधीक्षक अभियंता बिजेंद्र नरवाल, कार्यकारी अभियंता अनिल नागर, रामेंद्र मलिक व सीमा नारा मौजूद रहे।

Girish Saini 

