शहरी क्षेत्रों में जल भराव रोकने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्घः उपायुक्त सचिन गुप्ता

सडक़ों के साथ स्टॉर्म वाटर ड्रेन का निर्माण और स्ट्रॉर्म वाटर ड्रेन व नालों की समयबद्घ सफाई के निर्देश दिए।

शहरी क्षेत्रों में जल भराव रोकने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्घः उपायुक्त सचिन गुप्ता

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिला के शहरी क्षेत्रों में बरसाती जल निकासी परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे इन कार्यों को समयबद्घ तरीके से पूर्ण करवाये। शहर में सडक़ों के साथ बनी स्टॉर्म वाटर ड्रेन व नालों की सफाई निर्धारित अवधि में पूर्ण करवाना सुनिश्चित किया जाये ताकि वर्षा ऋतु के दौरान शहर में जलभराव न हो। उन्होंने कहा कि आगामी मानसून सत्र के दौरान रोहतक में शहरी जलभराव रोकने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने शहरी क्षेत्रों में बरसाती जल निकासी के प्रबंधों की समीक्षा करते हुए कहा कि शहरी क्षेत्रों में जल निकासी के प्रबंधों के लिए संबंधित विभागों की कमेटी गठित की जाये। उन्होंने महम के एसडीएम विपिन कुमार से कहा कि वे महम में जारी कार्यों की निरंतर निगरानी करें। उन्होंने कहा कि शहर में हर सडक़ के किनारे जल निकासी के लिए स्ट्रॉर्म वाटर ड्रेन सुनिश्चित की जाये और यदि कोई ड्रेन किसी कारणवश बंद है तो उसे सीवर से जोड़ा जाये।

उपायुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीवर लाइन में पशुओं का गोबर बहाने वालों के चालान किये जाये ताकि सीवर लाइन जाम न हो। उन्होंने कहा कि सोनीपत रोड के अलावा शहर में नगर निगम द्वारा निगम से संबंधित जल निकासी ड्रेन व नालों की सफाई के कार्य को समयबद्ध पूर्ण करवाया जाये। ड्रेन व नालों से शत-प्रतिशत गाद निकाल कर यह सुनिश्चित किया जाये इसका साथ-साथ उठान हो ताकि यह गाद वापिस नालों व सीवर में बहकर न जाये। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा नगर निगम में शामिल गांवों में जलभराव से संबंधित क्षेत्रों से जल निकासी के पुख्ता प्रबंध किये जाये।

उपायुक्त ने बरसाती जल निकासी के लिए जिला में चल रही करोड़ों रुपए की परियोजनाओं के बारे में रिपोर्ट प्राप्त की और आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए। इस दौरान पिछले मानसून में सामने आए स्थायी जलभराव वाले स्थानों की लोकेशन-वार समीक्षा भी की। बैठक में स्थानीय मदवि के गेट नं. 1 से लेकर रेलवे लाइन, सोनीपत रोड, सेक्टर 3-4 की पुलिया, सुभाष चौक, छोटू राम चौक, गोकर्ण तीर्थ, नई अनाज मंडी सहित जलभराव के संबंधित क्षेत्रों से जल निकासी के व्यापक प्रबंध करने के निर्देश दिये गए। उन्होंने कहा कि गौकरण तीर्थ व जींद बाईपास से हिसार रोड़ पर रेलवे क्रॉसिंग तक जमा होने वाले जल निकासी के लिए सिंहपुरा डिस्पोजल तैयार किया गया है। यहां पर स्थायी पंप लगाये गए है तथा बिजली कनेक्शन भी करवाया गया है। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा लगभग 22 किलोमीटर सीवर की सफाई का कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर लिया जायेगा। विभाग के 80 प्रतिशत पंप सेट नए है तथा अन्य पंप सेट को भी दुरुस्त करवाया जा रहा है।

उपायुक्त ने सभी विभागों को मानसून से पूर्व नालियों एवं नालों की डी सिल्टिंग, मशीनरी व पंपों की तत्परता, मानसून के दौरान समन्वित प्रतिक्रिया तंत्र तथा वर्षा के बाद जल निकासी समय की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने एचएसवीपी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे संबंधित सेक्टरों में जल निकासी के लिए सभी आवश्यक प्रबंध करवाये। समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष यादव, एसडीएम आशीष कुमार व विपिन कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत कुमार व नमिता सिंह, जनस्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक अभियंता शिवराज, डीडीपीओ राजपाल चहल, सिविल सर्जन डॉ. रमेश चंद्र सहित संबंधित विभागों के उच्च अधिकारी मौजूद रहे।