नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निपटारा करने के लिए कृत संकल्प है जिला प्रशासनः डीसी सचिन गुप्ता

नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निपटारा करने के लिए कृत संकल्प है जिला प्रशासनः डीसी सचिन गुप्ता

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि जिला प्रशासन नागरिकों की हर समस्या के समयबद्ध निपटारे के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समाधान शिविरों में प्राप्त हो रही शिकायतों का निर्धारित अवधि में उचित व स्थायी निपटारा करें तथा संबंधित नागरिक से संवाद भी करें।

डीसी सचिन गुप्ता ने कहा है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा सप्ताह के सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों पर समाधान शिविर आयोजित कर नागरिकों की समस्याएं सुनी जा रही है। उन्होंने समाधान शिविरों की लंबित शिकायतों का शीघ्र उचित निपटारा करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा समाधान शिविरों की लंबित शिकायतों व अन्य शिकायत पोर्टलों की शिकायतों के निपटारे की नियमित रूप से समीक्षा की जा रही है। नागरिकों से फीडबैक प्राप्त करने के लिए जिला में कॉलिंग सेल स्थापित किया गया है। नागरिकों की समस्याओं के समाधान के बारे में फीडबैक लेकर नागरिक की संतुष्टि के बाद ही समस्याओं का निपटारा किया जा रहा है।

उपायुक्त के निर्देशानुसार स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर में आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल ने नागरिकों की समस्याएं सुनी और मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन समस्याओं का यथाशीघ्र उचित निदान करने के निर्देश दिये। महम में आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम विपिन कुमार ने नागरिकों की  शिकायतें सुनी तथा अधिकारियों को इन समस्याओं के समयबद्ध निपटारे के निर्देश दिये।