नागरिकों को विभिन्न विभागों की सेवाओं व योजनाओं का पारदर्शी तरीके से अविलंब लाभ देने के लिए कृतसंकल्प है जिला प्रशासनः डीसी सचिन गुप्ता
उपायुक्त ने महम स्थित एसडीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय व ई-दिशा केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने महम उपमंडलाधीश कार्यालय तथा तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा उपमंडल स्तर पर ई-दिशा केंद्र के माध्यम से नागरिकों को उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न सेवाओं की मौके पर समीक्षा की तथा नागरिकों से संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सरकार की योजनाओं व सेवाओं का नागरिकों तक अविलंब लाभ पहुंचाने के लिए कृतसंकल्प है।
उपायुक्त ने सर्व प्रथम महम स्थित उपमंडल सचिवालय पहुंचकर उपमंडलाधीश कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने एसडीएम विपिन कुमार के साथ नागरिकों को प्रदान की जा रही विभिन्न विभागों की सेवाओं की जानकारी ली तथा कहा कि पात्र व्यक्तियों को सरकार की विभिन्न सेवाओं का समयबद्ध अविलंभ लाभ प्रदान करना सुनिश्चित किया जाये। प्रदेश सरकार द्वारा नागरिकों तक पारदर्शी तरीके से योजनाओं व सेवाओं का लाभ पहुंचाने के लिए अनेक कदम उठाये गए है।
उपायुक्त ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी 14 जुलाई 2026 तक विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूचियों को त्रुटिरहित एवं अपडेट करना है। उन्होंने कहा कि जिला में इस अभियान के तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित कर रहे है तथा उन्हें यह फॉर्म भरने बारे जानकारी भी दे रहे है। बीएलओ द्वारा मतदाताओं से भरे गए गणना फॉर्म एकत्रित किये जायेंगे तथा उन्हें निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर अपलोड किया जायेगा। उन्होंने कहा कि अधिकारी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की निरंतर निगरानी करें तथा इस कार्य को निर्धारित अवधि तक पूर्ण करवाना सुनिश्चित करें।
इसके उपरांत उन्होंने तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया तथा राजस्व अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राजस्व प्रशासन को अधिक पारदर्शी, सरल और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री द्वारा पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली के दूसरे चरण तथा ऑटो इंतकाल प्रणाली की शुरुआत की गई है, जिससे प्रदेश के लाखों किसानों एवं भूस्वामियों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारी सरकार द्वारा राजस्व विभाग में शुरू की गई नई पहलों का हिदायतों अनुसार क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने इसके बाद ई-दिशा केंद्र का निरीक्षण करते हुए मौके पर उपस्थित नागरिकों से संवाद कर फीडबैक लिया। जिला प्रशासन नागरिकों तक विभिन्न सेवाओं व योजनाओं का अविलंब लाभ पहुंचाने के लिए कृत संकल्प है तथा ई-दिशा केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को लाभ दिया जा रहा है। इस दौरान एसडीएम विपिन कुमार, तहसीलदार रवि कुमार व अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Girish Saini 


