किसानों व आम नागरिकों की सुविधा के लिए प्रतिबद्ध है जिला प्रशासनः उपायुक्त सचिन गुप्ता

घरेलू गैस, पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध, मंडियों में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध।

किसानों व आम नागरिकों की सुविधा के लिए प्रतिबद्ध है जिला प्रशासनः उपायुक्त सचिन गुप्ता

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिले वासियों को आश्वस्त किया है कि जिला में घरेलू गैस, पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। नागरिक आवश्यकता अनुसार घरेलू गैस की बुकिंग करें तथा अफवाहों से सतर्क रहे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा गेंहू खरीद सीजन के लिए भी सभी पुख्ता प्रबंध किए गए है तथा प्रशासन किसानों एवं आम नागरिकों की सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सभी आवश्यक सेवाओं को सुचारू रूप से उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिले वासियों के नाम जारी संदेश में कहा कि जिला में 35 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं और प्रतिदिन लगभग 7 से साढ़े 7 हजार सिलेंडरों की खपत होती है, जबकि इसके मुकाबले तेल कंपनियों से जिला में 8 से 10 हजार सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति हो रही है। उन्होंने कहा है कि पेट्रोल एवं डीजल की सप्लाई भी पूरी तरह सुचारू है और किसी प्रकार की कमी या बाधा नहीं है।

उपायुक्त ने औद्योगिक इकाइयों एवं अन्य उपभोक्ताओं का आह्वान किया है कि यथासंभव पीएनजी कनेक्शन का उपयोग करें, जिससे सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके। उन्होंने कहा है कि किसी भी प्रकार की समस्या के समाधान के लिए जिला स्तर पर ग्रीवेंस रिड्रेसल सेल स्थापित किया गया है तथा एक हेल्पलाइन नंबर 89501-27117 भी जारी किया गया है, जहां 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि वर्ष 2026-27 के लिए गेहूं खरीद सीजन 1 अप्रैल से प्रारंभ हो रहा है। प्रशासन द्वारा जिला की सभी अनाज मंडियों में खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए व्यापक एवं पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा है कि इस वर्ष भी गेहूं की खरीद पूर्ण पारदर्शिता एवं किसान हितैषी तरीके से की जाएगी। मंडियों में किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक मंडी में शिकायत निवारण समिति गठित की गई है। उन्होंने किसानों का आह्वान किया है कि वे ई-खरीद पोर्टल पर अपना पंजीकरण अवश्य करवाएं। इस वर्ष खरीद प्रक्रिया में और अधिक पारदर्शिता लाने के लिए गेट पास जारी करते समय मोबाइल ऐप के माध्यम से फोटो ली जाएगी, जिससे किसी भी प्रकार की अवैध खरीद-फरोख्त पर रोक लगाई जा सके। मंडियों पर भीड़ का दबाव कम करने एवं समय पर उठान सुनिश्चित करने के लिए नए खरीद केंद्र भी स्थापित किए गए हैं। साथ ही, लिफ्टिंग, ट्रांसपोर्टेशन एवं संबंधित सभी एजेंसियां पूरी तरह से तैयार हैं। भंडारण के लिए पर्याप्त स्थान के अलावा किसानों की सुविधा के लिए मंडियों में बैठने, पीने के पानी एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की गई है।