एक माह में बांटें फसल नुकसान का मुआवजाः एसडीएम

एक माह में बांटें फसल नुकसान का मुआवजाः एसडीएम
Source: IANS

रोहतक, गिरीश सैनी। उपमंडलाधीश आशीष कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि फसल बीमा कराने वाले प्रभावित किसानों को समय पर मुआवजा दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने भारतीय कृषि बीमा कंपनी को राज्य स्तरीय निगरानी समिति द्वारा स्वीकृत मुआवजा राशि का एक माह के भीतर वितरण करने के निर्देश दिए।

एसडीएम आशीष कुमार सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने रबी 2025 में फसलों को हुए नुकसान के लंबित मुआवजे के मामलों की समीक्षा करते हुए इनके शीघ्र निपटारे पर जोर दिया।

उन्होंने कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारियों को बीमा कंपनी के साथ समन्वय बनाकर प्रभावित किसानों के दस्तावेज पूरे कराने के निर्देश दिए, ताकि मुआवजा वितरण में देरी न हो। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर किसान यूनियन के पदाधिकारियों का सहयोग भी लिया जा सकता है।

कृषि उपनिदेशक डॉ. सुरेंद्र मलिक और सहायक सांख्यिकी अधिकारी विनोद हुड्डा ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा मुआवजा वितरण से जुड़े मामलों की जानकारी दी। इस दौरान कृषि विभाग, बीमा कंपनी, बैंक और किसान संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।