एमडीयू एलुमनाई एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा में विस्तार, नेटवर्किंग व आउटरीच बढ़ाने पर चर्चा

एमडीयू एलुमनाई एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा में विस्तार, नेटवर्किंग व आउटरीच बढ़ाने पर चर्चा

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के पूर्व विद्यार्थियों को विवि से और अधिक मजबूत तरीके से जोड़ने की दिशा में अहम पहल करते हुए कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ की अध्यक्षता में एमडीयू एलुमनाई एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा (एजीएम) आयोजित की गई। इस बैठक में एलुमनाई एसोसिएशन को मजबूत बनाने, नेटवर्किंग बढ़ाने और पूर्व छात्रों की सहभागिता को नई गति देने पर व्यापक चर्चा की गई।

कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने कहा कि किसी भी विवि की असली ताकत उसके विद्यार्थी और एलुमनाई होते हैं। उन्होंने कहा कि एमडीयू के पूर्व छात्र देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर विवि का नाम रोशन कर रहे हैं, ऐसे में उनके अनुभव, मार्गदर्शन और सहयोग को विवि की प्रगति से जोड़ना समय की जरूरत है। उन्होंने एलुमनाई एसोसिएशन को अधिक सशक्त बनाने, कार्पस फंड बढ़ाने, एलुमनाई चुनाव कराने, नेटवर्किंग और आउटरीच गतिविधियों को मजबूत करने के साथ-साथ एलुमनाई आधारित कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने पर जोर दिया।

बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि विवि और पूर्व विद्यार्थियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन, इंटर्नशिप, प्लेसमेंट और नवाचार गतिविधियों में लाभ पहुंचाया जा सकता है। एलुमनाई नेटवर्क को मजबूत कर विश्वविद्यालय के विकास कार्यों में भी अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर सहमति बनी। डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. ए.एस. मान और कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने भी बैठक में अपने विचार रखे और एलुमनाई एसोसिएशन को और अधिक मजबूत और सक्रिय बनाने की बात कही।