जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, निरंतर परिश्रम व समर्पण अति आवश्यकः डीसी सचिन गुप्ता

बच्चों के समग्र विकास की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा शिक्षा विभाग।

जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, निरंतर परिश्रम व समर्पण अति आवश्यकः डीसी सचिन गुप्ता

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने मिशन बुनियाद 2026-28 बैच के ओरिएंटेशन कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, निरंतर परिश्रम और समर्पण अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने शिक्षा विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विभाग बच्चों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

उपायुक्त सचिन गुप्ता शिक्षा विभाग द्वारा मिशन बुनियाद के अंतर्गत वर्ष 2026-28 बैच के लिए आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। शिक्षा विभाग द्वारा लेवल-3 परीक्षा का भी सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि कुल 219 विद्यार्थियों में से 184 विद्यार्थियों ने लेवल-3 परीक्षा दी तथा ओरिएंटेशन कार्यक्रम में भाग लिया। मिशन बुनियाद विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित वातावरण और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के लिए मजबूत आधार प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक, विकल्प फाउंडेशन के संस्थापक नवीन मिश्रा, जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. समीर मान, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, सभी खंड शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक सुमन हुड्डा, उप जिला शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार, सोनिया, भावना तथा शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

विकल्प फाउंडेशन के संस्थापक नवीन मिश्रा ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि जीवन में कभी हार नहीं माननी चाहिए और सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी भी निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सत्य, अनुशासन और कड़ी मेहनत के मार्ग पर चलने तथा भ्रमित करने वाली बातों से दूर रहने का संदेश दिया।

डीईओ मनजीत मलिक ने लेवल-3 तक पहुंचे सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि जिला से बड़ी संख्या में विद्यार्थी चयनित होकर काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेंगे। जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. समीर मान ने बताया कि लेवल-3 परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद अप्रैल माह के अंतिम सप्ताह में काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि चयनित विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं मई माह के दूसरे सप्ताह से प्रारंभ की जाएंगी।