निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने वीबी-जी राम जी को कामयाब बनाने के लिए कमर कसने का आह्वान किया

एचआईआरडी में युक्त धारा पर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू।

निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने वीबी-जी राम जी को कामयाब बनाने के लिए कमर कसने का आह्वान किया

नीलोखेड़ी, गिरीश सैनी। युक्तधारा पोर्टल का मूल उद्देश्य विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करना, त्रुटियों को कम करना तथा श्रमिकों को उनके अधिकारों का समयबद्ध लाभ उपलब्ध कराना है। ये बात हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने सोमवार को वीबी-जी राम जी के अंतर्गत युक्त धारा द्वारा ग्राम पंचायतों की जीआईएस आधारित निगरानी विषय पर कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम के समन्वयक कमलदीप सांगवान ने पुष्पगुच्छ भेंट कर डॉ. चौहान का स्वागत किया। डॉ. चौहान ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

निदेशक डॉ. चौहान ने कहा कि यह जीआईएस आधारित भू-स्थानिक योजना एवं निगरानी प्रणाली विकास कार्यों की बेहतर योजना, परिसंपत्तियों के सटीक मानचित्रण तथा कार्यों की प्रभावी निगरानी में सहायक है। उन्होंने कहा कि तकनीक के माध्यम से योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना ही इस पहल की सफलता का आधार होगा।

डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि विकसित भारत 2047 का संकल्प केवल आर्थिक प्रगति का नहीं, बल्कि समावेशी एवं संतुलित विकास का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास की योजनाओं में तकनीक का समावेश पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी को मजबूत करेगा। उन्होंने बताया कि पहले जिन उद्देश्यों को मनरेगा के माध्यम से पूर्ण रूप से प्राप्त नहीं किया जा सका, उन्हें नई व्यवस्था और उन्नत प्रणालियों के माध्यम से अधिक प्रभावी ढंग से हासिल किया जाएगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में एनआईआरडीपीआर, हैदराबाद से आए विशेषज्ञ अनिल कुमार ने कहा कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान युक्त धारा पोर्टल से संबंधित सभी विषयों पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रतिभागियों की प्रत्येक जिज्ञासा और शंका का समाधान किया जाएगा, ताकि वे अपने क्षेत्र में इस प्रणाली का प्रभावी उपयोग कर सकें।

अतिरिक्त ब्लॉक कार्यक्रम अधिकारी स्नेह भारती ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रत्येक नागरिक का सक्रिय सहयोग आवश्यक है। इस दौरान सुशील कुमार, संदीप कुमार, वजीर सिंह, विभिन्न जिलों से आए अतिरिक्त ब्लॉक कार्यक्रम अधिकारी, सौरभ अरोड़ा, मोहित शर्मा, मनीषा व अन्य मौजूद रहे।