डिग्री के साथ डिप्लोमा, करियर को मिलेगा बढ़ावा

जीजेयू सीडीओई के 1 वर्षीय रोजगारपरक कोर्स में प्रवेश का मौका।

डिग्री के साथ डिप्लोमा, करियर को मिलेगा बढ़ावा

हिसार, गिरीश सैनी। नियमित यूजी या पीजी डिग्री के साथ अतिरिक्त कौशल हासिल कर करियर को मजबूत बनाने का मौका अब विद्यार्थियों को मिल रहा है। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के दूरस्थ एवं मुक्त शिक्षा केंद्र (सीडीओई) ने विभिन्न विषयों के विद्यार्थियों के लिए एक वर्षीय डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कार्यक्रमों में प्रवेश आमंत्रित किए हैं। खास बात यह है कि अनुमोदित कॉलेजों और विवि में पढ़ रहे नियमित विद्यार्थियों, जिसमें ओडीएल विद्यार्थी भी शामिल हैं, को फीस में 25 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी।

कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि मौजूदा प्रतिस्पर्धी रोजगार बाजार में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है। उद्योग की जरूरत के अनुरूप अतिरिक्त और प्रमाणित कौशल रखने वाले विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर मिलते हैं। सीडीओई के पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को डिग्री के साथ विशेषज्ञता हासिल करने और अपना रिज्यूमे मजबूत करने का अवसर देते हैं।

सीडीओई निदेशक प्रो. खुजान सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों के लिए डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन्स, डाटा साइंस, बिजनेस एनालिटिक्स, सप्लाई चेन एनालिटिक्स, फाइनेंशियल मार्केट, बैंकिंग एंड फाइनेंस, इंडस्ट्रियल हेल्थ एंड सेफ्टी, फूड क्वालिटी एश्योरेंस, सॉलिड एंड हैजर्डस वेस्ट मैनेजमेंट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर सिक्योरिटी समेत कई विकल्प उपलब्ध हैं। इसके अलावा गुरु जंभेश्वर महाराज की आध्यात्मिक शिक्षाओं, वैदिक गणित और वीडियो फिल्म प्रोडक्शन से जुड़े कार्यक्रम भी शामिल हैं।

कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने कहा कि डिग्री के साथ कौशल आधारित शिक्षा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और स्किल-इंटीग्रेटेड उच्च शिक्षा की दिशा के अनुरूप है। इससे विद्यार्थियों को रोजगार, उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में अतिरिक्त लाभ मिल सकता है।

इन कार्यक्रमों के लिए किसी भी संकाय से 10+2 उत्तीर्ण विद्यार्थी पात्र हैं। प्रवेश, फीस और अन्य जानकारी के लिए विद्यार्थी सीडीओई से संपर्क कर सकते हैं।