श्याम बाबा के भजनों पर झूमे श्रद्धालु
रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय सेक्टर-1, हाउसिंग बोर्ड में श्याम अरदास जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें काफी संख्या में क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बतौर मुख्य अतिथि, समाजसेवी पंकज बल्हारा ने जागरण कार्यक्रम में शिरकत की।
कार्यक्रम आयोजकों एवं श्रद्धालुओं ने मुख्य अतिथि पंकज बल्हारा का फूल-मालाओं से स्वागत किया और उन्हें श्याम बाबा का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। पंकज बल्हारा ने श्याम बाबा के दरबार में माथा टेक कर समाज की सुख-समृद्धि की मंगल कामना की। उन्होंने आयोजक मंडल को कार्यक्रम आयोजित करने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में आपसी सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करते हैं।
इस दौरान प्रस्तुत श्याम बाबा के भजनों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। श्रद्धालु श्याम बाबा के भजनों पर जमकर झूमे। कार्यक्रम का समापन श्याम बाबा की आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

Girish Saini 

