विकास, सुशासन और मजबूत संगठन ने बदली हरियाणा की तस्वीरः भाजपा प्रदेशाध्यक्ष
डॉ. अर्चना गुप्ता ने महम में तीज उत्सव में झूली पींग।
महम, गिरीश सैनी। हरियाणा भाजपा की अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का महम विधानसभा क्षेत्र पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया। अपने स्वागत से अभिभूत डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसके अनुशासित और राष्ट्रहित के लिए समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की यही ताकत भाजपा को देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनाती है और इसी ऊर्जा के बल पर भाजपा लगातार जनसेवा का विस्तार कर रही है।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने सामुदायिक केंद्र में आयोजित तीज उत्सव में भाग लेकर भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और नारी शक्ति का संदेश दिया। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं के साथ पारंपरिक पींग भी झूली और हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय पर्व और परंपराएं हमारी सांस्कृतिक पहचान की अमूल्य धरोहर है।
स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष डॉ. गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास और सुशासन का नया अध्याय लिख रहा है। प्रदेश में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। महम क्षेत्र में भी घर-घर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने सहित अनेक विकास परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश का विभाजन भारतीय इतिहास की सबसे दर्दनाक घटनाओं में से एक था। विभाजन जैसी त्रासदी के कारण लाखों परिवार उजड़ गए, महिलाओं पर अमानवीय अत्याचार हुए, मासूम बच्चों की निर्मम हत्याएं हुईं और लाशों से भरी रेलगाड़ियां भारत पहुंचीं। उन्होंने कहा कि विभाजन का दर्द आज भी करोड़ों भारतीयों की स्मृतियों में जीवित है और इतिहास से सीख लेकर राष्ट्रहित को सदैव सर्वोपरि रखना चाहिए।
कांग्रेस पर हमला करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस आज परिवारवाद और स्वार्थ की राजनीति में उलझकर रह गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब बाबू-बेटे की पार्टी बन चुकी है, जहां कार्यकर्ताओं से अधिक महत्व एक परिवार को दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में अनेक बार पेपर लीक की घटनाएं हुई, लेकिन दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने कठोर कानून बनाकर पेपर लीक माफिया पर सख्त कार्रवाई का रास्ता तैयार किया है ताकि युवाओं के भविष्य के साथ कोई खिलवाड़ न कर सके। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने महिला सम्मान और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। लाडो लक्ष्मी योजना, रियायती गैस सिलेंडर, आवास योजनाएं और शौचालय निर्माण जैसी योजनाएं महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।
स्थानीय महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल में आयोजित चाय पर चर्चा कार्यक्रम में प्रबुद्ध नागरिकों से संवाद करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा भाजपा की रीति-नीति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने समाज के जागरूक वर्ग से सकारात्मक संवाद को आगे बढ़ाने और सरकार की जनहितकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस दौरान पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह खरक, जिला परिषद चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, प्रदेश सचिव प्रतिभा सुमन, सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
Girish Saini 

