उपायुक्त सचिन गुप्ता ने सडक़ों के साथ जल निकासी के लिए ड्रेन निर्माण करने के निर्देश दिए
एनएच पर अनाधिकृत कट लगाने वाले ढाबा संचालकों के विरुद्घ दर्ज होगी एफआईआर।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने सडक़ स्वामित्व एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे सुनिश्चित करें कि भविष्य में किसी भी सडक़ के किनारे जलभराव न हो। सभी सडक़ों के साथ जल निकासी के लिए ड्रेन का निर्माण करवाया जाये। अधिकारी सडक़ सुरक्षा की दृष्टि से सभी आवश्यक प्रबंध करें ताकि सडक़ दुर्घटनाओं को कम से कम करके जान-माल की हानि को कम किया जा सके।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने सडक़ सुरक्षा एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनाधिकृत कट लगाने वाले ढाबा संचालकों के विरुद्घ एफआईआर दर्ज करवाई जाये तथा ऐसे कट तुरंत बंद करवाये जाये। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर सवारी ले जाने वाले ऑटो के चालान किये जाये। इन वाहनों को नगर निगम / पालिका क्षेत्र में ही सवारी ले जाने की अनुमति है। गलत साइड वाहन चलाने वालों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों, ऑवर स्पीड तथा सडक़ के किनारे वाहन खड़ा करने वालों के पुलिस द्वारा चालान किये जाये ताकि सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि संबंधित विभागों द्वारा पूर्ण किये गए मॉडल रोड निर्माण की वीडियो शेयर की जाये तथा शेष विभागों द्वारा मॉडल रोड के निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाये। अधिकारी म्हारी सडक़ ऐप की भी नियमित रूप से निगरानी करें। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि यातायात नियमों की सख्ती से अनुपालना करवाई जाये। सरकारी कार्यालयों व भवनों में बिना हेलमेट किसी भी दोपहिया वाहन चालक को प्रवेश की अनुमति न दी जाये।
उन्होंने कहा कि शहर में बेहतर यातायात प्रबंधन के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा 250 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है, जिनमें से 232 कैमरे चालू है तथा शेष अन्य सीसीटीवी कैमरों को भी दुरुस्त कराया जाये। उन्होंने बाबा मस्तनाथ विवि के सामने निर्माणाधीन सड़क के संदर्भ में भी नगर निगम के अधिकारियों को आवश्यक हिदायत दी।
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि उपमंडलाधीश स्कूलों में ग्रीष्म अवकाश के दौरान स्कूल बसों के सभी निर्धारित मापदंडों को पूरा करवाये। स्कूल संचालकों को इस संदर्भ में आवश्यक हिदायतें दी जाये। उन्होंने कहा कि अधिकारी निरंतर यातायात नियमों के क्रियान्वयन की निगरानी करें तथा सडक़ सुरक्षा प्रबंधों का भी ध्यान रखें।
इस दौरान एएसपी आयुष यादव, आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार सहित सभी सड़क स्वामित्व एजेंसियों के उच्च अधिकारी मौजूद रहे। सांपला की एसडीएम अंकिता पंवार तथा महम के एसडीएम विपिन कुमार एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

Girish Saini 

