उपायुक्त सचिन गुप्ता ने स्कूल लगने व अवकाश के दौरान यातायात व्यवस्था नियंत्रित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने स्कूल लगने व अवकाश के दौरान यातायात व्यवस्था नियंत्रित करने के निर्देश दिए।

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त एवं पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, रोहतक के अध्यक्ष सचिन गुप्ता ने केंद्रीय विद्यालय की बाउंड्री वाल को पेंटिंग के माध्यम से सुंदर व आकर्षक बनाने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त ने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय रोहतक की प्रबंध समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि पेंटिंग का शीर्षक शिक्षा से संबंधित होना चाहिए। उन्होंने स्कूल शुरू होने तथा छुट्टी के समय यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोनों समय यातायात को नियंत्रित किया जाए। बैठक में रेन हार्वेस्टिंग, सोलर पैनल, पेयजल व्यवस्था तथा जल निकासी आदि के बारे में भी दिशा निर्देश जारी किए गए।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने एजेंडा के अनुसार संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि विद्यालय से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक तथा आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। बैठक में केंद्रीय विद्यालय, रोहतक की प्राचार्या परमजीत कौर ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा वर्तमान बैठक के एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत सिंह, सिविल सर्जन डॉ. रमेश चंद्र, मुख्याध्यापक संदीप कुमार, आकाशवाणी रोहतक के निदेशक संजय बाली, राजाराम पंडित, आयकर विभाग के निरीक्षक अनिल कुमार, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता हेमंत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, रोहतक के कक्षा 8 के विद्यार्थी शुभम कौशिक का चयन केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा दिए जाने वाले प्रतिष्ठित मानक इंस्पायर अवार्ड के लिए हुआ है। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार और जिला प्रशासन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थी को बधाई दी। विद्यालय समिति के चेयरमैन एवं उपायुक्त सचिन गुप्ता ने विद्यार्थी की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा स्रोत है। देशभर के केंद्रीय विद्यालयों से चयनित कुल 898 विद्यार्थियों में केंद्रीय विद्यालय, रोहतक के विद्यार्थी शुभम ने अपनी उत्कृष्ट परियोजना के माध्यम से स्थान प्राप्त किया है। प्राचार्या परमजीत कौर ने इस उपलब्धि को गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे अन्य विद्यार्थियों को भी विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।