उपायुक्त सचिन गुप्ता ने नागरिकों से यातायात नियमों का स्वेच्छा से पालन करने का आह्वान किया
सडक़ सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत दिला रहे सड़क सुरक्षा शपथ।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिलावासियों का आह्वान किया है कि वे अपनी एवं अन्य नागरिकों की सुरक्षा के दृष्टिगत यातायात नियमों का स्वेच्छा से पालन करें। ये नियम नागरिकों की सुरक्षा के दृष्टिगत ही बनाये गए है। जिला प्रशासन द्वारा परिवहन विभाग के माध्यम से नागरिकों को यातायात नियमों के बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से 31 जनवरी 2026 तक सडक़ सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि जिला प्रशासन का हर संभव प्रयास है कि टैक्रोलॉजी का भरपूर उपयोग कर सडक़ दुर्घटनाओं को कम से कम किया जा सके तथा इन दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोका जा सके। सडक़ सुरक्षा जागरूकता अभियान के दौरान विद्यार्थियों व वाहन चालकों को सडक़ सुरक्षा शपथ भी दिलवाई जा रही है। आरटीए, ट्रैफिक पुलिस एवं आईडीटीआर की टीम द्वारा गलत दिशा में वाहन न चलाने विषय पर आयोजित स्लोगन लेखन प्रतियोगता के विजेताओं को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया।
उपायुक्त ने बताया कि विद्यार्थियों व वाहन चालकों को सडक़ पर वाहन चलाने से पूर्व सडक़ से संबंधित सभी बातों का ध्यान रखने, सडक़ व यातायात नियमों का हमेशा स्वेच्छा से पालन करने, अपने एवं सडक़ पर चलने वाले यात्रियों का ध्यान रखने तथा समर्पित भाव से नियमित रूप से सडक़ सुरक्षा पर कार्य करने तथा दूसरों को भी शिक्षित एवं जागरूक करने के लिए प्रेरित करने व दुर्घटना पीडि़त व्यक्ति की मदद करने के लिए हमेशा अग्रसर रहते हुए एक स्वच्छ, स्वस्थ, सुरक्षित, सडक़ संस्कृति विकसित करने का प्रयास करने की शपथ दिलवाई गई। सडक़ सुरक्षा कलैंडर तथा पंपलेट भी वितरित किए जा रहे है।
आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल के मार्गदर्शन में ट्रैफिक पुलिस रोहतक की टीम ने एमकेजेके की छात्राओं को सडक़ सुरक्षा एवं यातायात नियमों बारे जानकारी दी तथा उन्हें सडक़ सुरक्षा शपथ भी दिलवाई गई। अभियान के दौरान पैदल चलने वाले यात्रियों की सुरक्षा बारे नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान पुलिस यातायात निरीक्षक जसबीर सिंह, आरटीए कार्यालय के निरीक्षक जसबीर सिंह, उप निरीक्षक संदीप सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

