नांदल गांव की समस्याओं के समाधान को उपायुक्त ने दिए त्वरित निर्देश
जलघर के दोनों टैंकों के आरसीसी बैड के लिए 5 करोड़ का एस्टीमेट मंजूर, स्कूल की चारदीवारी भी बनेगी।
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत नांदल गांव में आयोजित रात्रि ठहराव कार्यक्रम में उपायुक्त सतबीर सिंह ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को इनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को शुद्ध एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है। पानी का उचित उपचार करने के बाद ही आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने बताया कि गांव के जलघर के मौजूदा और निर्माणाधीन दोनों वाटर टैंकों के बैड आरसीसी से बनाए जाएंगे, ताकि भूमिगत पानी की मिलावट रोकी जा सके। इसके लिए जनस्वास्थ्य विभाग का करीब 5 करोड़ रुपये का रफ कॉस्ट एस्टीमेट मंजूर किया गया है। शहीद पंकज नांदल राजकीय उच्च विद्यालय की क्षतिग्रस्त चारदीवारी का निर्माण भी जल्द करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कृषि उप निदेशक को निर्देश दिए कि खाद विक्रेताओं द्वारा किसानों को रासायनिक खाद के साथ बीज या कीटनाशक खरीदने के लिए मजबूर करने की शिकायतों की जांच की जाए और नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की जाए। पशु शेड के लाभार्थियों को लंबित राशि का भुगतान एक सप्ताह में करवाने के निर्देश भी दिए।
डीसी सतबीर सिंह ने ग्रामीणों से लिंगानुपात सुधार और स्वच्छता में सहयोग की अपील की। उन्होंने गांव की खेल प्रतिभाओं की सराहना करते हुए कहा कि यहां दो खेल नर्सरियां और खेल स्टेडियम संचालित हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र ग्रामीणों को मौके पर सेवाएं प्रदान कीं। स्वास्थ्य शिविर में जांच, एनीमिया स्क्रीनिंग और निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। ग्रामीणों ने उपायुक्त समेत प्रशासनिक अधिकारियों का पगड़ी पहनाकर एवं फूल मालाओं से स्वागत किया। रात्रि ठहराव कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह, एसडीएम आशीष कुमार, पुलिस उपाधीक्षक तनुज शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

