उपायुक्त ने कलानौर तहसील का औचक निरीक्षण किया
तहसील में पूर्ण पारदर्शिता के साथ, निर्धारित समय सीमा में नागरिकों को सेवाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने शुक्रवार को कलानौर तहसील का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि तहसील में होने वाले प्रत्येक कार्य में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए। उन्होंने कहा कि अगर कहीं से भी कोई शिकायत मिलती है तो उस पर निश्चित रूप से कार्रवाई होगी।
उपायुक्त ने कहा कि अधिकारी व कर्मचारी कुशलतापूर्वक अपना कार्य निष्ठा, पारदर्शिता व ईमानदारी से करते हुए लोगों को निर्धारित समय सीमा में सेवाओं का लाभ देना सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने तहसील कार्यालय में आमजन के बैठने की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी विंडो पर नंबर, कार्य से संबंधित फीस व होने वाले कार्य की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।
उपायुक्त ने तहसील कार्यालय में अपने कार्य करवाने आए आमजन से भी बातचीत की और उनसे फीडबैक लिया। उन्होंने जमाबंदी, इंतकाल व अन्य प्रक्रिया बारे भी कर्मचारियों से जानकारी ली। इस दौरान नायब तहसीलदार दीपक धांगर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।