वरिष्ठ नागरिकों के लिए दंत स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित
रोहतक, गिरीश सैनी। स्वास्थ्य विभाग, हरियाणा द्वारा चलाए जा रहे दंत स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के अंतर्गत सिविल सर्जन, रोहतक के मार्गदर्शन में सेक्टर-3 स्थित वरिष्ठ नागरिक क्लब में दंत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। सेक्टर-3 स्थित पॉलीक्लिनिक की दंत चिकित्सक डॉ. पूर्णिमा अरोड़ा ने वरिष्ठ नागरिकों को दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया और उनके दांतों की जांच की। जिन मरीजों को उपचार की आवश्यकता थी, उन्हें आगामी इलाज के लिए पॉलीक्लिनिक में रेफर किया गया।
डॉ. अरोड़ा ने बताया कि वृद्धावस्था में दांतों की विशेष देखभाल अत्यंत आवश्यक है। साथ ही, नियमित रूप से दांतों की सफाई और समय-समय पर दंत चिकित्सक से जांच करवाना जरूरी है। शिविर के दौरान कृत्रिम दांत (डेंचर) लगाने और उनकी साफ-सफाई के बारे में भी जानकारी दी गई। साथ ही गुटखा, तंबाकू एवं धूम्रपान के सेवन से मुंह के कैंसर का खतरा बढ़ने की चेतावनी देते हुए इन हानिकारक पदार्थों से दूर रहने की अपील की गई।

Girish Saini 

