पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सेवा संकल्प अभियान का लक्ष्यः डीसी सतबीर सिंह

सेवा सेतु शिविरों में मौके पर ही शुरू हो रही लाभ की प्रक्रिया।

पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सेवा संकल्प अभियान का लक्ष्यः डीसी सतबीर सिंह

रोहतक, गिरीश सैनी। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को गांव समरगोपालपुर कलां स्थित राजपूत धर्मशाला में सेवा सेतु शिविर लगाया गया। विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी।

उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि सेवा सेतु शिविरों का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना है। शिविरों में पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों के लिए मौके पर ही लाभ की प्रक्रिया शुरू की जाती है। उन्होंने कहा कि ये शिविर सरकार और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के साथ समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।

डीडीपीओ राजपाल चहल ने विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से बातचीत की।

उपायुक्त ने बताया कि मदनलाल धींगड़ा सामुदायिक केंद्र में 24 से 26 सितंबर तक तीन दिवसीय सेवा सेतु शिविर लगेगा। उन्होंने पात्र नागरिकों से शिविर में पहुंचकर योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।