संसद में गिरा परिसीमन बिल, महिला आरक्षण बिल 2023 में ही पास हो चुकाः पूर्व सीएम हुड्डा
कहा, तमाम मुद्दों की तरह महिलाओं के मुद्दों पर भी जनता को गुमराह कर रही है बीजेपी।
रोहतक, गिरीश सैनी। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार का मकसद सिर्फ और सिर्फ मुद्दों से भटकाना है। वह किसानों, युवाओं तथा महिलाओं के मुद्दों पर जनता को गुमराह कर रही है।
स्थानीय डी-पार्क स्थित निवास मातूराम भवन में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम हुड्डा ने कहा कि महिला आरक्षण बिल 2023 में ही पास हो चुका था। लोकसभा में 20 सितंबर 2023 को 454 वोटों से पास हुआ था। भाजपाई अगर इतने महिला हितैषी होते तो इसे 2023 में ही लागू कर देते। लेकिन उन्होंने डिलिमिटेशन को जोड़कर बिल को उलझाने की कोशिश की। हाल ही में जो संशोधन बिल गिरा है, वह महिला आरक्षण बिल नहीं है, वह केवल परिसीमन संबंधी संशोधन था, जिसमें सरकार देश के इलेक्टोरल मैप को अपने हिसाब से बदलना चाहती थी। 2029 के लोकसभा चुनावों की जमीन खिसकती देख भाजपा ऐसे प्रयास कर रही है।
किसानों की बदहाली पर टिप्पणी करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की मंडियों में किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मंडियों में अनाज रखने तक की जगह नहीं है, क्योंकि लिफ्टिंग हो ही नहीं रही। यहां तक कि सरकार द्वारा बारदाना तक उपलब्ध नहीं करवाया जा रहा। अबतक 20 प्रतिशत लिफ्टिंग भी नहीं हुई और किसानों को भुगतान में 8-10 दिन की देरी हो रही है। किसान सरकार से दुखी होकर छोटी मंडियों जैसे बेरी, दुबलधन, महम, सांघी, किलोई आदि में ताले लगाने लगे हैं। छोटी मंडियों की हालत तो बद से बदतर हो गई है।
हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान यही हरियाणा और यही किसान थे, लेकिन कभी मंडियों में ऐसी शिकायत नहीं हुई। अब कभी नमी का, कभी डिस्कलर का, कभी रजिस्ट्रेशन का बहाना बनाया जा रहा है, ताकि एमएसपी ना देनी पड़े। लेकिन सरकार किसानों की क्षतिपूर्ति और मुआवजे की बात तक नहीं कर रही। कुछ दिन पहले हुई बेमौसमी बारिश के समय कृषि मंत्री ने हास्यास्पद बात बोलते हुए कहा था कि बारिश से किसानों को फायदा हो रहा है। जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति को ऐसी गैर जिम्मेदाराना बात नहीं कहनी चाहिए।
हुड्डा ने बताया कि उन्होंने स्वयं हरियाणा भर की मंडियों का दौरा किया, किसानों से बात की और कोई भी किसान सरकार की वर्तमान नीतियों से फायदा होने की बात नहीं कर रहा।
एचकेआरएन कर्मचारियों पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि 2014 में हमने अस्थाई कर्मचारियों को स्थाई बनाने का प्रस्ताव पास किया था। लेकिन भाजपा सरकार ने इसे 12 साल तक उलझाए रखा। अब सुप्रीम कोर्ट ने भी हमारी नीति के पक्ष में फैसला दिया है। हम शुरू से कह रहे थे कि कांग्रेस की नीति अपनाकर कर्मचारियों को लाभ दो, लेकिन बीजेपी ने कर्मचारी विरोधी रवैया अपना रखा। जहां कांग्रेस ने हजारों कच्चे कर्मियों को पक्का करके उनके परिवारों को समृद्ध किया, वहीं बीजेपी सरकार तो खुद के लगाए एचकेआरएन कर्मचारियों को भी लगातार निकालने में लगी है। भर्तियां निकाली नहीं जा रही और अगर निकलती हैं तो बड़ी नौकरियों में 90 प्रतिशत परीक्षाएं बाहर के लोगों को दी जा रही हैं।
निगम व निकाय चुनाव पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी चुनाव चिन्ह (हाथ) पर लड़ेगी। मेयर चुनाव के लिए आज दोपहर 3 बजे बैठक में फैसला लिया जाएगा। पार्टी अनुशासन पर दिशा निर्देश देते हुए हुड्डा ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी अनुशासन में रहना चाहिए। क्रॉस वोटिंग करने वालों पर कार्रवाई हुई, क्योंकि उन्होंने सिर्फ पार्टी को नहीं, बल्कि उन लोगों को भी धोखा दिया, जिन्होंने उन्हें विधायक चुना था। ऐसे लोगों को इस्तीफा देकर चुनाव लड़ना चाहिए।

Girish Saini 

