नीलोखेड़ी उत्सव में नगर के कल, आज और कल पर होगा मंथनः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान

दृषद्वती की सफाई और इसके तटों के सौंदर्यीकरण को लेकर किया दौरा।

नीलोखेड़ी उत्सव में नगर के कल, आज और कल पर होगा मंथनः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान

नीलोखेड़ी, गिरीश सैनी। एक समय सहकारिता, सामुदायिक विकास और नियोजित पुनर्वास का प्रकाश स्तंभ रहे नीलोखेड़ी के कल, आज और कल पर मंथन के लिए प्रस्तावित नीलोखेड़ी उत्सव के स्वरूप, आयोजन की संभावित तिथि एवं कार्यक्रमों के निर्धारण को लेकर शहर के प्रबुद्ध सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान (एचआईआरडी) के निदेशक डॉ. वीरेन्द्र सिंह चौहान की पहल पर हुई बैठक में उत्सव का आयोजन नगर पालिका को धुरी बनाकर करने पर सहमति बनी। यह भी तय हुआ कि सभी नगर पार्षदों के साथ सोमवार को इस संदर्भ में एक योजना बैठक की जाए।

निदेशक डॉ. चौहान ने कहा कि ये उत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं होगा, बल्कि नीलोखेड़ी के गौरवशाली इतिहास, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक विरासत और विकास यात्रा को नई पहचान देने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में शहर के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि यह उत्सव पूरे क्षेत्र का जन उत्सव बन सके।

उन्होंने चतंग (दृषद्वती) के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि चतंग (दृषद्वती) संरक्षण के संबंध में सरस्वती हेरिटेज विकास बोर्ड को एचआईआरडी की ओर से विस्तृत पत्र भेजा गया है। इस विषय पर उपस्थित सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया गया तथा उनके सुझाव भी आमंत्रित किए गए। बैठक के बाद डॉ.चौहान ने नगरपालिका की टीम के साथ मौके पर पहुंच कर चतंग (दृषद्वती) की सफाई और इसके तटों के सौंदर्यीकरण के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि चतंग (दृषद्वती) के किनारों को सफाई के बाद घाट निर्माण व अन्य सुविधाओं के साथ सुंदर बनाया जा सका तो यह शहर के लिए एक अनूठा तोहफा होगा। उन्होंने कहा कि ऐसा करना इसलिए भी जरूरी है कि हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान, विस्तार शिक्षा संस्थान और राजीव गांधी संस्थान में देश व प्रदेश ही नहीं, अपितु विदेशों से भी प्रतिनिधिमंडल आते रहते हैं।

मार्केट कमेटी के चेयरमैन शिवनाथ कपूर ने कहा कि नीलोखेड़ी उत्सव शहर की पहचान को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला आयोजन सिद्ध होगा तथा इसके लिए सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना चाहिए। भाजपा नेता सतनाम सिंह आहूजा ने कहा कि यह उत्सव नीलोखेड़ी की सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और विकास की भावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बनेगा। भाजपा युवा मोर्चा मंडल महामंत्री राजेश शर्मा ने कहा कि युवा शक्ति की सक्रिय भागीदारी से नीलोखेड़ी उत्सव ऊर्जा, नवाचार और जनसहभागिता का नया उदाहरण प्रस्तुत करेगा। उपाध्यक्ष बलकार सैनी ने कहा कि डिजिटल एवं सोशल मीडिया के माध्यम से नीलोखेड़ी उत्सव को प्रदेशभर में पहचान दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। इस दौरान डॉ. कृष्ण गोपाल (बुटाना मंडल संयोजक व सह संयोजक नायब वेलफेयर सोसाइटी), मंडल महामंत्री कपिल बक्शी, पार्षद मुकेश कुमार सहित उपस्थित सभी सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नीलोखेड़ी उत्सव को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का विश्वास दिलाया।