भारतीय ज्ञान परंपरा को उच्च शिक्षा से जोड़ने पर जीयू में मंथन

कार्यशाला में 30 संस्थानों के प्रतिनिधियों ने लिया भाग

भारतीय ज्ञान परंपरा को उच्च शिक्षा से जोड़ने पर जीयू में मंथन

गुरुग्राम, गिरीश सैनी। गुरुग्राम विवि और हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को भारतीय ज्ञान आधारित विषयवस्तु विकास विषय पर आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में करीब 30 विवि एवं महाविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यशाला में गुरुग्राम विवि के कुलपति प्रो. संजय कौशिक, उच्च शिक्षा परिषद के अध्यक्ष प्रो. के.सी. शर्मा, केंद्रीय विवि हरियाणा के प्रति-कुलपति प्रो. पवन के. शर्मा सहित विभिन्न शिक्षाविद मौजूद रहे।

कार्यशाला में भारतीय ज्ञान परंपरा के अकादमिक महत्त्व और आधुनिक उच्च शिक्षा में इसकी प्रासंगिकता पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने सामाजिक विज्ञान के विभिन्न विषयों में भारतीय विचारों, ऐतिहासिक अनुभवों और बौद्धिक योगदान को प्रमाण-आधारित एवं गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री के माध्यम से प्रस्तुत करने पर जोर दिया।

प्रतिभागियों ने भारतीय ज्ञान प्रणालियों को पाठ्यक्रम में औपचारिकता तक सीमित रखने के बजाय विषयों की प्रकृति के अनुरूप समाहित करने की आवश्यकता बताई। साथ ही, शिक्षकों के बीच अकादमिक सहयोग और उपयोगी अध्ययन सामग्री के विकास पर भी विचार-विमर्श किया गया।