पीजीआईएमएस में इलाज में देरी बर्दाश्त नहीं, मरीजों को तत्काल मिलें सुविधाएं : मीना परमार

महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने ट्रामा सेंटर और महिला छात्रावास का किया निरीक्षण, छात्राओं से साझा किया व्यक्तिगत मोबाइल नंबर

पीजीआईएमएस में इलाज में देरी बर्दाश्त नहीं, मरीजों को तत्काल मिलें सुविधाएं : मीना परमार

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि (पीजीआईएमएस) के ट्रामा सेंटर का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने उपचाराधीन और प्रतीक्षारत मरीजों से संवाद किया और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिए कि अस्पताल पहुंचने वाले प्रत्येक मरीज को बिना देरी चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन कक्षों का निरीक्षण करने के साथ परिसर और शौचालयों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र व राज्य सरकार द्वारा सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर सुविधाएं और मुफ्त दवाइयां उपलब्ध करवाई जा रही है।

मीना परमार ने गंगा महिला छात्रावास का भी निरीक्षण किया और छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने छात्राओं के साथ अपना व्यक्तिगत मोबाइल नंबर साझा करते हुए कहा कि किसी भी परेशानी में छात्राएं उनसे सीधे संपर्क कर सकती हैं। उन्होंने मेस में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही निदेशक कार्यालय में आंतरिक शिकायत समिति के कामकाज की समीक्षा कर सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

इस दौरान निदेशक डॉ एस.के. सिंघल, चिकित्सा अधीक्षक डॉ सुधीर अत्री, आयोग के प्रतिनिधि अर्जुन, डॉ पंकज, डॉ पुष्पा दहिया, महिला पुलिस थाना प्रभारी मीना, जिला संरक्षण अधिकारी करमिन्द्र कौर सहित अन्य मौजूद रहे।