शिकायतों के निपटान में देरी बर्दाश्त नहीं, समय-सीमा तय करें अधिकारीः डीसी

समाधान शिविरों में मिली शिकायतों की नियमित समीक्षा और लंबित मामलों के शीघ्र निपटान के निर्देश

शिकायतों के निपटान में देरी बर्दाश्त नहीं, समय-सीमा तय करें अधिकारीः डीसी

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए उनके निपटान में अनावश्यक देरी न की जाए।

उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार और वीरवार को जिला मुख्यालय तथा उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मौके पर हल न होने वाली शिकायतों के लिए समय-सीमा निर्धारित करें और शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की प्रगति से अवगत करवाएं। लंबित मामलों की सूची तैयार कर उनकी नियमित समीक्षा भी की जाए।

सोमवार को लघु सचिवालय में आयोजित शिविर में नागरिकों ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने संबंधी शिकायतें रखीं। अधिकारियों ने मौके पर निस्तारित हो सकने वाली शिकायतों का समाधान किया। इस दौरान नगराधीश शुभम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।