दीपशिखा व प्रशांत को मिला मिस व मिस्टर आईएचएम का खिताब
आईएचएम में वार्षिकोत्सव क्षितिज आयोजित।
रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय तिलयार स्थित होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम) में शुक्रवार को वार्षिकोत्सव क्षितिज का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों व शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आईएचएम के व्याख्याता विकास देशवाल ने बताया कि हरियाणा पर्यटन विभाग के अतिरिक्त महाप्रबंधक राजपाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डीएलसी सुपवा की कुलसचिव डॉ गुंजन मलिक मनोचा, पीएनबी की डीजीएम आरजू परवीन, एमएसएमई प्रबंधक रंजय सिंह तथा गुरुग्राम के बाल कल्याण अधिकारी कमलेश शास्त्री उपस्थित रहे। आईएचएम के प्राचार्य शंभू नाथ गौतम ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
मुख्य अतिथि राजपाल ने विद्यार्थियों के अच्छे भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अपने क्षेत्र में सफल बनने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि डॉ गुंजन मलिक मनोचा ने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। समारोह में पूरे वर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। दीपशिखा एवं प्रशांत को मिस एवं मिस्टर आईएचएम के खिताब से नवाजा गया। अंत में पीएनबी के सौजन्य से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया गया। इस दौरान सभी स्टाफ सदस्य व विद्यार्थी मौजूद रहे।

Girish Saini 

