गणित पर आधारित रंगोली में दीपिका व कृतिका ने बाजी मारी

गणित मेले के माध्यम से महान गणितज्ञ रामानुजन को याद किया।

गणित पर आधारित रंगोली में दीपिका व कृतिका ने बाजी मारी

रोहतक, गिरीश सैनी। महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती के मौके पर रामनगर स्थित शिक्षा भारती विद्यालय में शुक्रवार को गणित मेला आयोजित किया गया। गणित विषय को रोचक बनाने उद्देश्य के साथ इस मेले में लगभग 100 प्रतिभागियों ने रंगोली,  गणितीय प्रदर्शन, उल्टी गिनती, उल्टे-सीधे पहाड़े, पहेलियां, चित्रकला, निबंध लेखन, गणित पर आधारित स्वरचित कविता, वैदिक गणित के 16 सूत्र आदि विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया।

प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाते हुए प्राचार्य ममता भोला ने कहा कि भारतीय गणितज्ञों ने शून्य व पाई की खोज कर पूरे विश्व में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

गणित पर आधारित रंगोली में दीपिका व कृतिका, निबंध लेखन में गरिमा, भाषण में छवि, कविता पाठ में हिमांशी, गणितीय प्रदर्शन में सारा वर्मा, चार्ट में वंशिका व पाखी, पहाड़े में नैतिक तथा उल्टी गिनती में अनिशा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्राचार्य ममता भोला ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस मौके पर शशि चानना, हेमा परुथी, सुनीता गुगनानी, स्नेह लता, मीनू, सुमन बजाज और पूर्वा सहित अन्य मौजूद रहे।