बेरी हलके के गांवों में प्रचार करने पहुंचे दीपेन्द्र हुड्डा

कहा, चेहरा बदलने से काम नहीं चलेगा, जनता ने बना लिया पूरी सरकार बदलने का मन।

बेरी हलके के गांवों में प्रचार करने पहुंचे दीपेन्द्र हुड्डा

झज्जर, गिरीश सैनी। रोहतक लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार दीपेन्द्र हुड्डा ने मंगलवार को बेरी हलके के गांवों दहकोरा, रोहद, आसंडा, भापड़ोदा, खरहर, मातन सिलोठी, डाबोदा, दुल्हेडा, खरमान , छुड़ानी, रेवाड़ीखेडा, छारा, महराना, चमनपुरा, दुजाना, बेरी स्वराज गंज आदि में चुनाव प्रचार करते हुए जनसभाओं को संबोधित किया और  कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की। 

कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि हरियाणा में जनता की भारी नाराजगी को देखकर चुनाव के ठीक पहले भाजपा ने जनता को गुमराह करने के लिए सरकार का चेहरा बदल दिया। मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री और मंत्री बदल दिए। कई जगह सांसदों के टिकट काट दिए, लेकिन चेहरा बदलने से काम नहीं चलेगा। जनता ने पूरी सरकार ही बदलने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने प्रदेश को विकास की पटरी से ही उतार दिया और लोगों को खराब कानून व्यवस्था, दूषित पानी, जर्जर सड़कें कुशासन के हवाले कर दिया। 10 साल में इलाके में कोई बड़ी विकास परियोजना नहीं आई, बल्कि उनके द्वारा मंजूर कराई गई परियोजनाएं हरियाणा से बाहर दूसरे प्रदेशों में भेज दी गई। कांग्रेस सरकार के समय 4 साल में हरियाणा के 4 शहरों को मेट्रो से जोड़ा गया। लेकिन पिछले 10 साल में साखौल गांव में उनके द्वारा बनवाया गया मेट्रो का आखिरी खंबा वहीं का वहीं खड़ा है, एक इंच भी आगे नहीं बढ़ा। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि 2014 तक विकास कर रहे हरियाणा को विनाश के रास्ते पर लाने के लिए बीजेपी सरकार जिम्मेदार है। इस दौरान विधायक डॉ. रघुबीर कादयान साथ रहे। 

दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर महालक्ष्मी योजना के तहत हर गरीब परिवार की बड़ी माता-बहन को साल में 1 लाख रुपये देंगे। फौज की अग्निपथ योजना खत्म करेंगे और पहले की तरह पक्की भर्ती शुरु करेंगे। इसके अलावा पहले से भर्ती अग्निवीरों को पक्का करायेंगे। उन्होंने आगे कहा कि बेरोजगारी का संकट कम करने के लिए कांग्रेस सरकार बनने पर केंद्र में 30 लाख तो हरियाणा में 2 लाख से ज्यादा युवाओं को खाली पड़े सरकारी पदों पर समयबद्ध पक्की भर्ती करेंगे। किसानों को एमएसपी की गारंटी और कर्ज से मुक्ति दी जाएगी। प्रदेश के कर्मचारियों को पुरानी पेंशन स्कीम और बुजुर्गों को ₹6000 बुढ़ापा पेंशन मिलेगी। प्रदेश में 300 यूनिट मुफ्त बिजली और 500 रुपये में गैस सिलेंडर देना भी कांग्रेस का संकल्प है। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि मौजूदा बीजेपी सांसद शायद देश के पहले ऐसे सांसद होंगे जो 5 साल में क्षेत्र में एक धन्यवादी दौरा करने तक नहीं आये। 

इस दौरान उन्होंने अपने कार्यकाल में हुए काम गिनाते हुए कहा कि इस बार वे इलाके को दोबारा से विकास की पटरी पर लाकर नोएडा और गुड़गांव की तर्ज पर आगे लेकर जाएंगे।

इससे पहले रोहतक में भाजपा, जेजेपी, इनेलो, बसपा और आप समेत विभिन्न दलों के पदाधिकारियों व सक्रिय कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी का दामन थामा। इस दौरान  प्रमुख रूप से इसराना हलके से इनेलो प्रत्याशी रहे बलवान सिंह वाल्मीकि, सरपंच भरत सिंह यादव (बेरली कलां, कोसली) सरपंच राजकुमार सिंह (बालधन खुर्द, कोसली), संदीप यादव (जिला अध्यक्ष, रेवाड़ी, आप), सरोज सांगवान (प्रदेश सचिव महिला मोर्चा, जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा, गुड़गांव), ऋषिपाल मांदी (पूर्व चेयरमैन ब्लॉक समिति, इसराना, भाजपा) चरण सिंह (पूर्व जिलाध्यक्ष, बसपा मेवात) अर्जुन सिंह (बसपा पूर्व प्रत्याशी, नूंह) अडीचंद निम्बाडियां (ज़िला अध्यक्ष, रोहतक, बसपा) दलबीर लाहली (पूर्व प्रदेश सचिव, बसपा) रामबीर जांगिड (पूर्व जिला अध्यक्ष मंगल सैन मंडल भाजपा रोहतक) सुनीता सांघी (पूर्व जिला कोषाध्यक्ष महिला मोर्चा भाजपा रोहतक) आदि कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए। दीपेन्द्र हुड्डा ने सभी का पार्टी में स्वागत करते हुए पूरा मान-सम्मान देने का भरोसा दिया।