एसआईआर में दावा-आपत्ति की तारीख बढ़ी, 30 सितंबर तक मिलेगा मौकाः डीसी

6 नवंबर को जारी होगी हरियाणा की अंतिम मतदाता सूची

एसआईआर में दावा-आपत्ति की तारीख बढ़ी, 30 सितंबर तक मिलेगा मौकाः डीसी

रोहतक, गिरीश सैनी। भारत निर्वाचन आयोग ने हरियाणा में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाताओं को बड़ी राहत देते हुए दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तारीख 30 सितंबर 2026 तक बढ़ा दी है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सतबीर सिंह ने बताया कि मतदाता इस अतिरिक्त समय का उपयोग मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जांचने के लिए कर सकते हैं।

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां 30 सितंबर तक दाखिल की जा सकेंगी। इनका नियमानुसार निपटारा 28 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। इसी अवधि में SIR के तहत जारी नोटिसों का भी निपटारा होगा। प्रक्रिया पूरी होने के बाद 6 नवंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

उपायुक्त ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम, पता, आयु और अन्य विवरण जरूर जांच लें। किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में नहीं है या विवरण में त्रुटि है तो निर्धारित समय सीमा के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज कराएं।