लंबित राजस्व मामलों पर डीसी का सख्त रूख, समयबद्ध निपटारे के निर्देश

तकसीम, इंतकाल और सीमांकन के मामलों में तेजी लाने के निर्देश।

लंबित राजस्व मामलों पर डीसी का सख्त रूख, समयबद्ध निपटारे के निर्देश

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि नागरिकों को राजस्व संबंधी सेवाएं समयबद्ध और सुगम तरीके से उपलब्ध करवाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे तथा लंबित तकसीम के मामलों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने राजस्व विभाग की मासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए ऑटो म्युटेशन, पेपरलेस रजिस्ट्रेशन, जमाबंदी, भूमि अधिग्रहण, स्टांप शुल्क, शिकायत निवारण और एग्रीस्टैक के कार्यों की समीक्षा की।

उन्होंने तहसीलवार लंबित इंतकाल के मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को इन्हें जल्द दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को कार्यालयों में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी न हो। जमाबंदी की समीक्षा के दौरान उन्होंने खाना मलकियत और खाना काश्त की प्रविष्टियों में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए।

रोवर के माध्यम से निशानदेही के कार्य की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित एसडीएम को इसकी गंभीरता से निगरानी करने तथा तहसीलदारों को कार्य में तेजी लाने को कहा। उन्होंने सीएम विंडो, जनसंवाद और सीपीग्राम्स पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

उपायुक्त ने आदर्श राजस्व रिकॉर्ड रूम में रखे रिकॉर्ड की व्यवस्था की समीक्षा की। साथ ही तहसीलवार पेपरलेस रजिस्ट्रेशन की प्रगति जानी। उन्होंने तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को बंटवारा, गिरदावरी, सीमांकन और अन्य लंबित मामलों के निपटारे में तेजी लाने को कहा। एग्रीस्टैक के कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में एसडीएम अंकिता पुवार, आशीष कुमार व विपिन कुमार, सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह, डीआरओ सुशील शर्मा सहित राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।